मंडी के 300 गांवों में ब्लैक आउट

By: Jan 8th, 2017 12:15 am

जिला में तीन सब-स्टेशन के 250 ट्रांसफार्मर और पांच दर्जन सड़कें बंद

newsमंडी – सर्दियों की पहली बर्फबारी ने मंडी जिला के 300 से अधिक गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिला के 300 से अधिक गांवों में ब्लैक आउट हो चुका है। शुक्रवार रात से ही उक्त गांवों में बत्ती गुल है। सीजन की पहली ही बर्फबारी ने कुछ वर्ष पहले हुई भयंकर बर्फबारी की यादों को ताजा कर दिया है। जिला की सराज घाटी, चौहारघाटी बरोट, करसोग व रोहांडा क्षेत्र में जमकर बर्फबारी हुई है। सराज घाटी में एक फुट से लेकर साढे़ चार फुट बर्फ गिरी है। शिकारी देवी, जंजैहली, मगरूगला, पराशर, छत्तरी, थुनाग, पांगणा, बरोट, थाची, चुंजवालाधार, पांगणा, नीहरी, रौहाड़ा, चुराग, बखरोट क्षेत्र और नैनादेवी मंदिर धार ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। शिकारी देवी में तो साढे़ चार फुट तक बर्फ गिरी है। जिला के ऊपरी क्षेत्रों में शुक्रवार रात को बर्फ पहली ही बर्फबारी के बाद तीन पावर सब-स्टेशन ठप हो गए हैं। 33केवी विद्युत आपूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त होने से टिकन, पांगणा, थुनाग और बंद पड़ गए हैं। इस कारण जिला व बरोट के साथ लगते कांगड़ा जिला के भी कई गांव अंधेरे में हैं। जिला के तहत इस समय 250 के लगभग विद्युत ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। हालांकि इनमें से कुछ को देर शाम तक बहाल किया जा चुका था। भारी बर्फबारी से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके साथ ही 100 से अधिक वाहन बर्फबारी वाले क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। एचआरटीसी की 25 बसें भी फंसी हुई हैं, जबकि शनिवार को जिला के 36 से अधिक रूटों पर निगम की बसों के पहिये जाम रहे हैं। मंडी-डडौर-जंजैहली मार्ग और घटासनी-बरोट मार्ग बर्फबारी के बाद बंद हो गए हैं। जंजैहली के लिए कांडा से आगे यातायात बंद है, वहीं सुंदरनगर-करसोग मार्ग भी बंद है। जिला उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि प्रशासन ने हालात पर नजर रखी हुई है। प्रशासन ने इसे लेकर पहले से प्रबंध किए हुए थे। सभी फील्ड अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

बरोट-जंजैहली बाहरी राज्यों के पर्यटक फंसे

हिमपात के बाद बरोट और जंजैहली में बड़ी संख्या में पर्यटक फंस गए हैं। बर्फबारी के बाद सड़कें बंद हो गई हैं और इन दोनों ही जगहों पर प्रदेश के साथ बाहरी राज्यों के पर्यटक रुके हुए हैं। हालांकि पर्यटक बर्फबारी का खूब आनंद ले रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App