महिला मंडलों पर बरसे इनाम

By: Jan 7th, 2017 12:07 am

news newsमंडी —  मंडी विकास अभियान के तहत बेहतर काम करने वाले महिला मंडलों और अन्य को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा विपाशा सदन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।  इस दौरान जिला भर में  चलाए गए स्वच्छ भारत मिशन, आर्थिक सशक्तिकरण, आपदा प्रबंधन, मेरी लाड़ली, शिक्षा संवाद आदि कार्यक्रम को लेकर चयनित स्वयं सहायता समूहों और महिला मंडलों की मुख्यमंत्री ने पीठ थपथपाई। इसके अलावा स्वच्छ पंचायत और मेरी लाड़ली पंचायत पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के लिए महिला मंडल सवामाहूं करसोग, महिला मंडल रिंज बल्ह और नारी शक्ति महिला मंडल खद्दर चौंतड़ा को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। वहीं गोपालपुर क्षेत्र के महिला मंडल  मतलग फाल्ड, चौंतड़ा के महिला मंडल खद्दर, गोहर के महिला मंडल हडिंब, सराज के महिला मंडल ढीम, द्रंग के महिला मंडल मझवाड़ एक को द्वितीय पुरस्कार मिला। जबकि सदर की मैहणी पंचायत के महिला मंडल विनौल, सुंदरनगर की भौर पंचायत के स्वयं सहायता समूह हाटेश्वरी, करसोग की बगस्याड़ पंचायत के महिला मंडल फलिंडी, धर्मपुर की दत्तवाड़ पंचायत के श्याम स्वयं सहायता समूह दत्तवाड़, कोट पंचायत के महिला मंडल जालपा कोट, गोपालपुर की मसेरन पंचायत के महिला मंडल दरकालग, चौंतड़ा की बुहला भडयाड़ा पंचायत के  महिला मंडल बुहला भडयाड़ा और गोहर की थरजून पंचायत के महिला मंडल सराधार को मंडी विकास अभियान में बेहतर कार्य के लिए तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा जिला की स्वच्छ पंचायत का दर्जा गोहर क्षेत्र की थरजून पंचायत को मिला, जबकि मेरी लाड़ली कार्यक्रम के तहत  बेटियों के जन्म पर सबसे अधिक बधाइयां देने का श्रेय बल्ह क्षेत्र की लोहारा पंचायत को मिला। मुख्यमंत्री ने दोनों ही पंचायतों के प्रधानों को पुरस्कृत किया। जिला स्तर पर बीमा पंचायतों को भी पुरस्कृत किया गया, जिनमें जिला की कथौण, बहुल  डयाड़ा, कश, दारट बगला, नेरघरवासड़ा, कुन्नू, घड़ोई, घाट, तुंगाधार, शरण, सलवाहन, मांडल, बड़सू और पौंटा को सम्मानित किया गया।

बत्ती गुल, अंधेरे में गार्ड ऑफ ऑनर

सुंदरनगर— सीएम वीरभद्र सिंह के सुंदरनगर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंचते ही बिजली एकाएक गुल हो गई। भारी बारिश और अंधेरे में ही सीएम को गार्ड आफ ऑर्नर की सलामी लेनी पड़ी। विश्राम गृह में बिजली गुल होने के बाद बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे ही काम चलाना पड़ा। करीब 25 मिनट के बाद बिजली बहाल हुई। खास बात यह है कि सीएम के सुंदरनगर विस क्षेत्र में अपने पिछले दौरे के दौरान भी यही अव्यवस्था का आलम सुंदरनगर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में देखने को मिला था।

महिला मंडल पारगी को फर्स्ट प्राइज

पटड़ीघाट—  बलद्वाड़ा के अंतर्गत समैला ग्राम पंचायत के महिला मंडल को गोपालपुर खंड में बेहतरीन कार्य करने के लिए खंड स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिला। यह पुरस्कार जिला मंडी मुख्यालय में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा मंडी विकास अभियान के तहत महिला मंडल की प्रधान शिल्पा देवी को प्रदान किया गया। इस मौके पर समैला ग्राम पंचायत के प्रधान अश्वनी कुमार ने महिला मंडल को बधाई दी है ।

इन पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मान

मंडी विकास अभियान के दौरान अपनी-अपनी पंचायत में बेहतर कार्य करने वाले पंचायत प्रधानों और सचिवों को भी पुरस्कृत किया गया, जिनमें बल्ह खंड की सलवाहन पंचायत के प्रधान संजय कुमार, बग्गी पंचायत के सचिव मनोज कुमार, सदर की जनेड पंचायत के प्रधान कैप्टन तुलसी राम, मैहणी पंचायत के सचिव लुदरमणि, करसोग की सवामाहूं पंचायत के प्रधान घनश्याम शर्मा, महोग पंचायत के सचिव गुलाब सिंह, सराज क्षेत्र की ग्राम पंचायत पखरेर के प्रधान दीनानाथ, थाची के पंचायत सचिव दीनानाथ, गोहर की थरजून पंचायत की प्रधान कुमारी जबना, बगस्याड़ पंचायत की सचिव  ज्योति देवी, गोपालपुर की दारपा पंचायत की प्रधान राजो देवी, मसेरन के पंचायत सचिव लेखराज, चौंतड़ा की बहुला भडयारा की प्रधान लता ठाकुर, पिपली के पंचायत सचिव विद्यासागर, सुंदरनगर की रोहांडा पंचायत के प्रधान प्रकाश चंद, धर्मपुर की ध्वाली पंचायत की प्रधान सरोज ठाकुर और लौंगणी पंचायत के सचिव मनोज कुमार ,द्रंग की कुफरी पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश और ब्यूंह के पंचायत सचिव बलवीर कुमार को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

 …और हो गई प्रशस्ति पत्रों की अदला-बदली

मंडी विकास अभियान के सम्मान समारोह के दौरान महिला मंडलों को प्रशस्ति पत्र बांटे गए। इन प्रशस्ति पत्रों पर पहले से नाम लिखे गए थे। हालांकि कई बार ऐसा हुआ कि नाम किसी और का था और प्रशस्ति पत्र किसी और को दे दिया गया। रोचक बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने स्वयं ऐसे गलती कई प्रकार पकड़ी और इसे ठीक भी करवाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App