मौका परस्तों ने कांग्रेस को पहुंचाया नुकसान

By: Jan 16th, 2017 12:02 am

चंडीगढ़  – पंजाब के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवतार हेनरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने का जो काम आतंकवादियों की गोलियां नहीं कर सकीं वह काम पार्टी के मौकापरस्त और सत्ता के लालची नेताओं ने किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लिखे एक पत्र में श्री हेनरी ने कहा कि वह ताउम्र कांग्रेस के वफादार सिपाही के तौर पर लोगों की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि आंतकवाद के काले दिनों में भी वह पार्टी के झंडे को पकड़कर सूबे भर में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाते रहे। उस दौर में आतंकवादी चुन-चुन कर कांग्रेसी नेताओं को मारते थे परंतु बिना किसी डर के हम लोग  उनका डटकर विरोध करते रहे। उन्होंने कहा कि शायद अब पार्टी को ऐसे नेताओं की जरूरत नहीं रही। आज पार्टी उन लोगों को प्रथमिकता दे रही है जिनकी कोई विचारधारा नहीं और जो अपने निजी हितों के खातिर कभी भी पार्टी की पीठ पर छुरा घोंप सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा मौकापरस्त नेता न सिर्फ पार्टी के लिए खतरा है बल्कि इनकी वजह से पार्टी बुरी तरह से हार सकती है। गांधी परिवार को पूरे देश में सम्मानित परिवार के रूप में देखा जाता है। उल्लेखनीय है कि श्री हेनरी पंजाब विधानसभा चुनाव में जालंधर से टिकट के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने उन पर लगे आरोपों के कारण इस वार टिकट पहले तेजिंदर सिंह को दिया तथा हेनरी और पूर्व विधायक राज कुमार गुप्ता के विरोध के चलते बिटटू की टिकट रद्द कर राज कुमार गुप्ता को दे दिया। इसी कारण अवतार हेनरी पार्टी से नाराज चल रहे हैं।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App