रांगड़ी गोसदन में जांची पशुओं की सेहत

By: Jan 20th, 2017 12:05 am

मनाली – सेव संस्था मनाली के युवाओं ने रांगड़ी गोसदन में पल रहे बेसहारा पशुओं की स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर लगाया। पशुपालन विभाग के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। पशु चिकित्सक शकुंतला वैद्य के नेतृत्व में पांच चिकित्सकों ने पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की, साथ ही टीकाकरण भी किया। पशुओं को बीमारी के हिसाब से दवाइयां भी दीं। पशुपालन विभाग मनाली अपनी ओर से गोसदन में यथा संभव योगदान दे रहा है। गोदसन में लगभग 300 बेसहारा पशुओं की देखभाल की जा रही है। नप मनाली इस गोसदन का संचालन कर रही है। सेव संस्था के युवाओं ने वामतट मार्ग में सड़क पर घूम रहे लगभग 15 बेसहारा पशुओं को भी गोसदन रांगड़ी पहुंचाया। संस्था के युवाओं ने घाटी के लोगों से आग्रह किया कि वे पशुओं को बेसहारा न बनाएं। सेव संस्था मनाली के फाउंडर सदस्य सन्नी शर्मा, अजय और अध्यक्ष कोयले राम ठाकुर ने बताया कि संस्था ने गुरुवार को गोदसन रांगड़ी में कैंप लगाकर पशु विभाग के डाक्टरों की मदद से पशुओं की सेहत की जांच की। उन्होंने बताया कि सर्दी अधिक होने के कारण अधिकतर पशु बीमार चल रहे हैं।  पशुओं के जांच करने के लिए उन्होंने पशु पालन विभाग मनाली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गोसदन रांगड़ी में 300 के लगभग पशुओं की देखभाल की जा रही है। युवाओं ने गोसदन के संचालन के लिए पांच लाख की मदद करने पर विधायक गोविंद ठाकुर का आभार जताया। इस दौरान बुरुआ के एक परिवार ने गोसदन से गाय को अडॉप्ट किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App