रात भर की मन्नतों के बाद हुई बारिश, धाम परोस मनाया जश्न

By: Jan 7th, 2017 12:05 am

भुंतर —  लंबे इंतजार के बाद बरसी आसमानी राहत पर मंडी जिला की स्नोर घाटी में जश्न के तौर पर विशेष धाम का आयोजन किया गया। स्नोर घाटी के भटवाड़ी में विशाल धाम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की तादाद में लोगों ने शिरकत की और आसमानी राहत बरसने का जश्न मनाया। जानकारी के अनुसार यहां एक देव कार्यक्रम का आयोजन रातभर किया गया और हारियानों ने देवता चंडोही, जो भगवान गणेश का स्वरूप माना जाता है, से बारिश के लिए गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही इलाके में बारिश का दौर आरंभ हो उठा, जिससे घाटी के लोग गदगद हो गए। बता दें कि बारिश के इंतजार में पिछले कई दिनों से कुल्लू व मंडी के ग्रामीण इलाकों में लोग अपने-अपने देवताओं की शरण में हैं। मिली जानकारी के अनुसार दर्जनों देवालयों में हारियान बारिश के लिए देवताओं से गुहार लगा रहे थे तो देवताओं को मनाने के लिए कई टोटके भी किए जा रहे थे। इस कड़ी में भटवाड़ी में भी हजारों की संख्या में लोग देव दरबार में जुटे थे और रात भर बारिश के लिए मन्नतें करते रहे। वहीं शुक्रवार को कुल्लू-मंडी के विभिन्न इलाकों में आसमान से राहत की बूंदें टपकी तो लोग खुशी में झूम उठे। जानकारी के अनुसार देवता चंडोही के हारियानों और कारकूनों ने देवता से बारिश होने पर धाम का आयोजन करने का वादा किया था और शुक्रवार को इसी के तहत यह धाम यहां पर हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोगों ने धाम चखी तो बारिश के बीच देवता का भी आशीष लिया। देवता के कारकूनों व हारियानों देवी सिंह ठाकुर, सुरज ठाकुर, महेश कुमार, शेर सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह, मेहर सिंह, लाल सिंह आदि ने बताया कि देवता ने हारियानों की मन्नत को पूरा किया है और इसी खुशी में धाम का आयोजन देवता के दरबार में किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App