रेडक्रॉस ने 20 लोगों को बांटे कंबल

By: Jan 15th, 2017 12:02 am

अंबाला में बेसहारा निर्धनों को नगर सेवा सदन रैनबसेरे में दिया आसरा

अंबाला— बढ़ती ठंड में बेसहारा और गरीब लोगों के सहयोग के लिए जिला रेडक्रॅस सोसायटी ने विशेष प्रयास आरंभ किए हैं। उपायुक्त प्रभजोत सिंह के निर्देश पर शुक्रवार रात नौ बजे से लेकर 11 बजे तक रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अनिल जोशी, मनोज सैणी व अन्य स्टाफ  ने अंबाला शहर के बस अड्डे, अग्रसेन चौक, कालका चौक व शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने छह बेसहारा लोगों को अंबाला शहर बस अड्डे के नजदीक नगर सेवा सदन के रैन बसेरे में आश्रय दिया और गर्म वस्त्र उपलब्ध करवाए। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर कम वस्त्र अथवा बिना वस्त्र के सो रहे 20 से अधिक गरीब लोगों को कंबल व गर्म वस्त्र भी उपलब्ध करवाए। उपायुक्त ने बताया कि जिला में तीन रैनबसेरे बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 80 व्यक्तियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि नगर सेवा सदन अंबाला के सहयोग से शहर बस अड्डे के नजदीक रैन बसेरा में लगभग 20 लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार रेडक्रॉस भवन अंबाला छावनी में स्थापित रैन बसेरा में 32-35 लोगों के रहने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ में आहलूवालिया धर्मशाला में 25 लोगों को रात्रि आश्रय देने के लिए रैनबसेरा बनाया गया है। इसमें शहरवासियों का सहयोग भी मिल रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App