लाइट जलाओ, पास नहीं फटकेगा तेंदुआ

By: Jan 9th, 2017 12:05 am

हमीरपुर —  तेंदुए को रिहायसी मकानों से दूर रखने का एकमात्र उपाय रोशनी है। अगर तेंदुआ घर के नजदीक आ रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। रात को घर के बाहर की लाइट जलाने से तेंदुआ घर के नजदीक नहीं आएगा। इससे पशुओं की भी सुरक्षा हो सकती है। वन विभाग के डीएफओ आरसी गोमा का कहना है कि तेंदुआ एक नोकटर्नल जानवर है और रोशनी से हमेशा दूर रहता है। तेंदुआ सिर्फ रात के समय ही अपना शिकार तलाशता है। दिन की रोशनी में इसे बहुत की कम दिखाई देता है। इसकी आंखं रोशनी में शिकार नहीं देख पाती। इसी कारण यह रात के समय में ही शिकार पर निकलता है। रात के समय घरों के बाहर रोशनी करने से यह घरों के नजदीक नहीं आएगा। बताते चलें कि अधिकतर क्षेत्रों में तेंदुए का खौफ बरकरार है। आए दिन तेंदुआ लोगों के पालतू पशुओं को अपना शिकार बना रहा है। कई बार शिकार की तलाश में तेंदुआ गांवों तक पहुंच जाता है। ऐसे में लोगों को अपने बच्चों की भी चिंता सताने लगती है। कई मामलों में तेंदुए ने लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। कुछ दिन पहले ही बिलासपुर के भराड़ी में एक व्यक्ति को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया था। इससे लोगों में इसकी दहशत है। वहीं, वन विभाग की माने तो तेंदुआ यह एक रात में सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करता है। कई बार लोग पिंजरा लगाने की मांग करते हैं। रातोंरात सैकड़ों किलोमीटर का सफर करने वाले इस जानवर के लिए एक स्थान पर पिंजरा लगाना भी नाममात्र है। तेंदुए के आदमखोर होने के बाद पिंजरा लगाकर इसे पकड़ा जा सकता है। ऐसी स्थिति में विशेष टीमें बुलाई जाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App