व्यास उत्सव का शानदार आगाज

By: Jan 23rd, 2017 12:07 am

newsबिलासपुर —  व्यास नगर समिति और व्यास उत्सव आयोजन समिति के संयुक्त तत्त्वावधान में व्यास उत्सव-2017 का शुभारंभ हो गया है। रविवार को सुबह के समय पहले शहर के डियारा सेक्टर स्थित प्राचीन व्यास गुफा में विधिवत तरीके से पूजा-अर्चना की गई और उसके बाद रौड़ा सेक्टर स्थित बास्केटबाल स्टेडियम में लोकपूज्य दिवंगत संत बाबा कल्याण दास के शिष्य संजीव शर्मा ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। व्यास उत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संजीव शर्मा ने कहा कि मेले न केवल मनोरंजन का सशक्त साधन हैं, बल्कि इससे लोक संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। व्यास उत्सव में कई तरह की खेलकूद, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इससे लोगों, विशेष रूप से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। यह मेला लगातार लोकप्रिय होता जा रहा है। इसके लिए आयोजन समिति और उससे जुड़े युवा बधाई के पात्र हैं। इससे पहले व्यास नगर समिति के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश कपूर ने मुख्यातिथि को शाल, स्मृति चिन्ह व महर्षि व्यास की प्रतिमा भेंट करके सम्मानित किया। इस मौके पर विजयराज उपाध्याय, जगदीश कौंडल, पारस रंधावा, प्रवीण शर्मा, तनुज सोनी, तरुण टाडू, विभोर शर्मा, निशांत कपूर, मृदुल चोपड़ा, अमित, रमन, विशाल, सिद्धार्थ, दीपक व कर्ण चंदेल आदि भी मौजूद थे।  मेले में कई स्टाल भी लगाए गए हैं। स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री के लिए लगाए गए स्टाल का उद्घाटन व्यास नगर समिति के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने किया। खान-पान की सामग्री समेत कई अन्य स्टालों तथा झूलों ने भी काम करना शुरू कर दिया है। आयोजन समिति के प्रवक्ता कर्ण चंदेल ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए कई तरह की खेलकूद, सांस्कृतिक व मनोरंजक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। मिस एंड मिस्टर व्यासपुर स्पर्धा भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। मेले के दौरान 26 जनवरी को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गणमान्य लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। गौरतलब है कि बिलासपुर में व्यास उत्सव का आयोजन बीते डेढ़ दशक से भी अधिक समय से किया जा रहा है। इसकी शुरुआत एकदिवसीय मेले से हुई थी। धीरे-धीरे दिन बढ़ते गए और अब यह मेला राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले की तरह सात  दिन का हो गया है। अहम बात यह है कि नलवाड़ी मेले का आयोजन जहां सरकारी स्तर पर किया जाता है। व्यास उत्सव के आयोजन का पूरा जिम्मा व्यास नगर और व्यास उत्सव समिति से जुड़े युवा संभाल रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App