शबद-कीर्तन से संगत निहाल

By: Jan 6th, 2017 12:05 am

सोलन – साहिब-ए-कमाल सरबंस दानी दशम पातशाह साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व सोलन के मुख्य गुरुद्वारा साहिब अप्पर बाजार में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए तथा अलौकिक कथा एवं कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। कीर्तन दरबार में स्थानीय रागी जत्थों सहित विशेष रूप से आनंदपुर साहिब से आए भाई प्रताप सिंह ने शबद-कीर्तन गायन कर सिख इतिहास व श्री गुरु गोबिंद सिंह जी साहिब के जीवन पर प्रकाश डाला। कीर्तन दरबार में सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर भव्य लंगर का भी आयोजन किया गया। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व की देशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए गुरुद्वारे के ग्रंथी भाई चरणजीत सिंह ने बताया कि गुरु साहिब ने देश व धर्म के लिए अपने परिवार की कुर्बानी दी थी। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने धर्म की रक्षा के लिए खालसा पंथ की सृजना की थी। उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि हमें गुरु साहिब के बताए हुए मार्ग पर चलना चाहिए। इस प्रकाश पर्व को गुरुद्वारा सिंह सभा के सदस्य अजीत सिंह सिधु, एसएस मान, इंद्र सिंह, जगदीश सिंह, परमिंद्र सिंह, तेजिंद्र सिंह, जीएस भमरा, रोहित बट्टू, राजकुमार, डा. रतन, गुरमीत सिंह, अमनदीप सिंह ने गुरु की कृपा से सफल बनाया। इस पावन पर्व पर जिलाभर के सभी गुरुद्वारों में सैकड़ों लोगों ने गुरु के चरणों में शीश नवाकर प्रसाद व लंगर ग्रहण किया। ग्रंथी भाई चरणजीत सिंह ने बताया कि आठ जनवरी को सोलन के सपरून गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन होगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App