शिमला के चौड़ा मैदान में खुलेगा सेना संग्रहालय

By: Jan 21st, 2017 12:01 am

शिमला  —  सरकार सेना का एक संग्रहालय शिमला के चौड़ा मैदान में खोलने जा रही है। संग्रहालय में जहां शहीद सैनिकों के शौर्य का प्रदर्शन होगा, वहीं आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 26 जनवरी को इस संग्रहालय का शुभारंभ करेंगे। चौड़ा मैदान में राज्य सरकार के संग्रहालय में सैनिक संग्रहालय खुलेगा। इसके लिए सेना को राज्य सरकार ने तीन हाल दिए हैं। इसमें सेना के लड़ाकू जहाजों के अलावा मिसाइलें, रॉकेट  लांचर जैसे सैनिक उपकरणों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा इसमें हिमाचल के उन वीर सैनिकों के नाम और उनकी जानकारी भी मिलेगी, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनी जान न्यौछावर की है। इस संग्रहालय के खुलने से वीर जवानों के बारे में जानकारी आम लोगों और सैलानियों को मिलेगी। इससे पहले सेना का एक संग्रहालय अनाडेल मैदान में स्थापित किया गया है। यह संग्रहालय आम लोगों की पहुंच से बाहर है। अब सेना ने चौड़ा मैदान के राज्य संग्रहालय में अलग से संग्रहालय बनाने का फैसला किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App