सपा टूटी तो किसी धड़े में नहीं रहेंगे अमर-जया

By: Jan 16th, 2017 12:02 am

नई दिल्ली – समाजवादी पार्टी (सपा) अगर दो हिस्सों में बंटती है तो अमर सिंह और जया प्रदा किसी भी गुट का हिस्सा नहीं होंगे। जानकारी के मुताबिक, दोनों किसी भी गुट के लिए विधानसभा चुनावों के दौरान प्रचार भी नहीं करेंगे। अमर सिंह ने कहा कि मेरा लंदन में इलाज चल रहा था, यहां पार्टी में विवाद के कारण मुझे बुलाया गया था। अब मैं फिर अपने इलाज के लिए लंदन लौट जाऊंगा। मैं लंदन-सिंगापुर में अपना इलाज पूरा करवाऊंगा और मार्च के अंत तक लौटूंगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव है और 11 मार्च को काउंटिंग है। वहीं सपा में चुनाव चिन्ह की लड़ाई अब चुनाव आयोग तक पहुंच चुकी है। इस विवाद पर आयोग ने शुक्रवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। चुनाव आयोग सोमवार को अपना फैसला दे सकता है। सपा में मचे घमासान के बीच अमर सिंह शुरू से मुलायम के साथ हैं। मुलायम-अखिलेश विवाद विवाद में अमर सिंह सपा सुप्रीमो के समर्थन में बयान दे चुके हैं। अखिलेश यादव कई बार अमर सिंह पर निशाना साध चुके हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने अमर सिंह का नाम लेते हुए कहा था कि इस शख्स के कारण उनके परिवार और पार्टी में दिक्कत आ रही है। अखिलेश अमर सिंह को बाहरी व्यक्ति भी बता चुके हैं। हालांकि, मुलायम कई मौकों पर अमर सिंह का बचाव करते रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App