साढ़े छह हजार के खाते में डलेगा पैसा

By: Jan 6th, 2017 12:05 am

हमीरपुर  —  जिला की साढ़े छह हजार महिलाओं को इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना की बढ़ी हुई राशि मिलेगी। इसमें से करीब पांच हजार महिलाओं के खाते में योजना के रुपए डाल दिए गए हैं। योजना के लिए पात्र अन्य महिलाओं के खाते में भी जल्द सहयोग राशि डाल दी जाएगी। अप्रैल, 2013 के बाद पंजीकृत महिलाओं को बढ़ी हुई राशि का लाभ मिल रहा है। इन महिलाओं के बैंक खाते में छह हजार की रुपए डाले जा रहे हैं। वर्ष 2013 से पहले चार हजार रुपए दिए जाने का प्रावधान था। केंद्र सरकार द्वारा संचालित इस योजना से जिला की हजारों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। बताते चलें कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना शुरू की है। योजना के तहत गर्भवती व धात्री महिलाओं के बैंक खाते में छह हजार की सहयोग राशि डाली जाती है। दो किस्तों में यह राशि महिलाओं को प्रदान की जाती है। पहली किस्त गर्भावस्था के तीन माह बाद और दूसरी किस्त शिशु के जन्म के तीन महीने बाद महिलाओं के खाते में डाली जाती है। हमीरपुर जिला को योजना के तहत तीन करोड़ 80 लाख 13 हजार 462 की राशि मिली है। इस राशि से जिला की साढ़े छह हजार महिलाओं को लाभ पहुंचाया जाएगा। राशि सीधी महिलाओं के बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों से मिली गर्भवती महिलाओं की डिटेल के अनुसार राशि को बैंक खाते में डाला जा रहा है। दो किस्तों में राशि महिलाओं के खाते में डाली जा रही है। पहले पंजीकृत महिलाओं को इस योजना के तहत राशि भी पहले ही दिए जाने का प्रावधान है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App