साथी को छोड़ मौत गले लगा रहे शादीशुदा

By: Jan 6th, 2017 12:01 am

आत्महत्या मामलों में सबसे ज्यादा विवाहित पुरुष-गृहिणियां

पालमपुर – प्रदेश के विवाहित पुरुष और गृहिणियां अधिक तनाव में हैं। इसका प्रमाण आत्महत्या करने वालों के आंकड़े दे रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में आत्महत्या करने वालों की सूची में शादीशुदा पुरुषों की संख्या सबसे अधिक रही है। प्रदेश में आत्महत्या 543 मामले सामने आए, जिनमें से 347 पुरुषों और 196 महिलाओं ने विभिन्न कारणों से जान दे दी। इनमें आत्महत्या करने वालों में विवाहित पुरुषों का आंकड़ा 196 रहा, जबकि 115 विवाहित महिलाओं ने सुसाइड किया। इसके अलावा 93 पुरुषों और 48 महिलाओं सहित 111 अविवाहित लोगों ने भी आत्महत्या की। सुसाइड जैसा कदम उठाने वाली 196 महिलाओं में गृहिणियों की संख्या 123 रही, यानी कि कामकाजी महिलाओं की अपेक्षा गृहिणियां ज्यादा तनाव में हैं। 2015 के आंकड़े बताते हैं कि जहां पारिवारिक कलेश ने 49 पुरुषों और 45 महिलाओं सहित 94 लोगों को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। संपत्ति विवाद के चलते 20 पुरुषों और तीन महिलाओं सहित 23 लोगों ने प्राण दे दिए। बीमारी से तंग आकर 102 लोगों ने जान दे दी, जिसमें 70 पुरुष और 32 महिलाएं शामिल रहीं। साल भर में 148 ऐसे मामले भी सामने आए, जिसमें आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका। इनमें 99 पुरुष और 49 महिलाएं शामिल थीं। दहेज उत्पीड़न पर नौ महिलाओं ने जान दे दी तो विवाहेत्तर संबंधों ने एक पुरुष और तीन महिलाओं की जान ले ली। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण जान देने वालों का आंकड़ा 36 रहा, जिसमें 24 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं। अपने करीबी की मौत का दर्द न सह पाने के कारण भी एक पुरुष और एक महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया। 32 पुरुषों और 25 महिलाओं सहित सुसाइड के 57 मामले ऐसे भी सामने आए, जिनमें कारणों का खुलासा नहीं हो पाया।

यह भी बने सुसाइड के कारण

शादी के खराब संबंध के चलते 27 महिलाओं और 18 पुरुषों, प्रेम संबंधों में 11 पुरुषों और छह महिलाओं, गरीबी के कारण तीन महिलाओं और एक पुरुष, बेरोजगारी के कारण दस पुरुषों, नशे की जद में 13 पुरुषों, परीक्षा में फेल होने के चलते सात छात्रों और छह छात्राओं, शादी संबंधित मामलों के चलते 18 पुरुषों और 27 महिलाओं ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App