सीएम ने प्रदेशवासियों को दी नववर्ष की बधाई

By: Jan 1st, 2017 12:02 am

चंडीगढ़—हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने नववर्ष, 2017 के शुभ अवसर पर प्रदेश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बहादुर जवानों को भी नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी मुख्यमंत्री ने कहा कि नववर्ष का दिन एक ऐसा मौका होता है, जब हम बीते वर्ष की उपलब्धियों का लेखा-जोखा करके आने वाले वर्ष के लिए नए संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि नववर्ष का आगमन नव संकल्प का अवसर होता है और पहली नवंबर, 2016 से 31 अक्तूबर, 2017 तक हरियाणा सरकार प्रदेश के गठन का स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा अपने स्वर्ण जयंती उत्सव के कनक कलेवर में रमा हुआ नजर आ रहा है। वर्ष भर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोहों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत पहली नवंबर को गुरुग्राम से की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के जनसेवा के 26 महीने उत्तरदायी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन प्रदान करने के साक्षी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के एक नए युग का सूत्रपात किया है और पक्षपात व भेदभाव की राजनीति के दंश को मिटाकर समान विकास और आपसी सहमति की राह अपनाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App