सुक्खू को हटाने की करेंगे सिफारिश

By: Jan 21st, 2017 12:05 am

जय हिमाचल वीर कल्याण समिति जल्द मिलेगी सोनिया से

कुल्लू – कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खु जिस तरह से पार्टी के संविधान से बाहर जाकर कार्य कर रहे हैं। वह पार्टी हित के खिलाफ है, इससे कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को प्रदेश में किसी तरह का नुकसान न हो, इसे लेकर जल्द ही जिला कुल्लू से उनका प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में सोनिया व राहुल गांधी से मिलेगा और प्रदेशाध्यक्ष को हटाने की सिफारिश की जाएगी। यह बात यहां सेवादल के पूर्व मुख्य संगठन एवं जय हिमाचल वीर कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव सिंह ठाकुर ने कही। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बलदेव ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दादागिरी कर रहे हंै। उन्होंने शायद पार्टी के संविधान को पढ़ा नहीं है। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री करीब 18 घंटे जनता की सेवा करते रहते हैं। उनके पास जो भी फरियाद लेकर गया है। उन्होंने कभी नहीं सोचा कि वह किस पार्टी से या संगठन से है। वह सभी के कार्य करते हैं, लेकिन यहां प्रदेश के अध्यक्ष मुख्यमंत्री के खिलाफ भी टिप्पणी करने से गुरेज नहीं करते। हाल ही में प्रदेशाध्यक्ष ने बयान दिया है कि मुख्यमंत्री का शब्द जोड़कर कहीं से भी चुनाव जीता जा सकता है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पार्टी को कमजोर कर इसे गुटों में बांटने का काम कर रहे है । उन्होंने कहा कि उनके भाजपा नेताओं से भी अच्छे संबंध है और अपनी पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, इससे पूर्व बलदेव ठाकुर ने गठित की गई जय हिमाचल वीर कल्याण समिति  बताया कि उनकी समिति की और से जून माह में जिला कुल्लू में राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती(दंगल) प्रतियोगिता करवाई जाएगी। जहां पर नेशनल व ओलपिंक में मेंडल ले चुके पहलवानों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसी के साथ समिति भ्रष्टाचार, वन माफिया, नशा मुक्ति को लेकर कार्य करेगी। जहां पर शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ सेवानिवृत्त समिति के पदाधिकारी गुलाब सिंह, प्रेम सिंह ठाकुर, धनी राम, दीनू राही उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App