सेगव्हील से एक से दूसरी जगह जाना होगा आसान

By: Jan 18th, 2017 12:07 am

newsसोलन  —  बाहरा विश्वविद्यालय के ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग विभाग ने एक नई तकनीक ईजाद की है। यह तकनीक ऐसे लोगों के लिए वरदान साबित हो सकती है, जो लोग चलने में सक्षम नहीं है। इस  तकनीक को सेगव्हील का नाम दिया गया है। सेगव्हील की सहायता से एक स्थान से दुसरे स्थान पर बिना चले आसानी से पहुंचा जा सकता है। विशेष रूप से घर, कार्यालय, शॉपिंग माल तथा कई मंजिल ऊंचे भवनों में जाने के लिए यह तकनीक सबसे अधिक सहायता साबित हो सकती है।  बाहरा विश्वविद्यालय के छात्रों ने बुद्धिमता का प्रदर्शन करते हुए प्रोटोटाइप सेगव्हील का निर्माण किया है। ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग के सातवें सेमेस्टर के छात्र सूर्यप्रताप सिंह ठाकुर, विकास वर्मा, रोहित सूद, रोहित वर्मा, अनीश चौहान और अभिषेक वर्मा ने ये कारनामा कर दिखाया है। इस सेगव्हील की खासियत है कि ये मॉल्स में बुजुर्गों को बिना चले एक जगह से दूसरे जगह तक ले जाने में सहायक हो सकता है। इसके अतिरिक्त ये कई अन्य स्थानों जैसे कि घर और विश्वविद्यालयों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसकी धीमी गति के कारण इसे बच्चे भी आसानी से चला सकते हैं। इस सेगव्हील के  निर्माण कि कम लागत, सरल प्रणाली और रखरखाव का निम्न खर्च इसे अन्य से अलग करता है। सूर्यप्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस सेगव्हील का ढांचा लकड़ी से बनाया गया है, जिसमें 18 इंच के दोपहिये लगे हुए हैं। यह दो मोटरों कि मदद से चलता है, जिसमें हर एक मोटर एक पहिये को नियंत्रित करती है और दोनों मोटर पहियों को आगे की ओर ले जाती हैं। मोटर 12 वॉल्ट कि दो बैटरियों पर काम करती हैं, जिनके काम न करनी कि स्थिति में सेगव्हील इसमें लगे हुए 17 वॉल्ट के सोलर पैनलों कि मदद से चल सकता है । छात्र सूर्यप्रताप ने बताया कि सेगव्हील को उन्होंने व् अन्य साथियों ने अपने कमरे के ऊपर बनाई गई एक छोटी सी वर्कशॉप में निर्मित किया। इन सभी छात्रों ने एक माह की कड़ी मेहनत के बाद इस सेगव्हील का निर्माण किया। वे सब कालेज खत्म होने के उपरांत वर्कशॉप  में आकर  काम करते थे। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एसके बंसल ने बताया की इस तकनीक को इलाज करने में विश्वविद्यालय के छात्रों की अहम भूमिका है। उम्मीद है कि यह तकनीक भविष्य में कई लोगों के लिए सहायक साबित होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App