सोलन में बारिश के साथ बरसे ओले

By: Jan 7th, 2017 12:05 am

सोलन   —  शुक्रवार को सोलन व आसपास के क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई  है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे तक मौसम का मिजाज इसी प्रकार बना रहेगा। ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं शुक्रवार को सोलन का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रिकार्ड किया गया है।  शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। शीतलहर चलने की वजह से दिन के समय मौसम काफी ठंडा रहा। दोपहर बाद बारिश की फुहारें पड़ने लगीं। करीब एक घंटे तक कई क्षेत्रों में बादल जमकर बरसे। इस दौरान कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई है। देर शाम तक अधिकतर क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। सायंकाल के दौरान मौसम इतना खराब हो गया कि दिन के समय ही सड़कों पर अंधेरा छाने लगा। खराब मौसम की वजह से हुए अंधेरे में वाहन चालकों को गाडि़यों की लाइटें जलानी पड़ीं। वहीं यह बारिश किसानों के  लिए वरदान साबित हुई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 24 घंटे में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश व बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन का कहना है कि आठ जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा तथा इसके बाद मौसम साफ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App