1061 छापे, 4313 करोड़ पकड़े

By: Jan 1st, 2017 12:05 am

नोटबंदी के बाद आयकर विभाग की गिरफ्त में कालाधन कुबेर

1061 छापे, 4313 करोड़ पकड़ेनई दिल्ली— आठ नवंबर को नोटबंदी के बाद देशभर में कालाधन पकड़ने के लिए आयकर विभाग द्वारा मारे गए 1000 से ज्यादा छापों में कुल 4313 करोड़ रुपए से ज्यादा का कालाधन पकड़ा गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 29 दिसंबर तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार आयकर विभाग ने अपने सभी छापों में कुल 4313.79 करोड़ रुपए की अघोषित आय का पता लगाया है और 554.6 करोड़ रुपए की नकदी और आभूषण जब्त किए हैं। सूत्रों ने बताया कि आठ नवंबर को नोटबंदी की घोषणा के बाद विभाग ने संदिग्ध कर चोरी के मामलों को पकड़ने के लिए देशभर में 1061 छापे मारे। इसके अलावा कर चोरी और हवाला गतिविधियों को लेकर विभाग ने विभिन्न इकाइयों को 5,058 नोटिस भी जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि इन छापों में विभाग ने 106.89 करोड़ रुपए की नई मुद्रा (अधिकतर 2000 रुपए के नोट) और 91.99 करोड़ रुपए के आभूषण इत्यादि भी जब्त किए हैं। इस प्रकार आयकर विभाग ने 29 दिसंबर तक कुल 4313.79 करोड़ रुपए की अघोषित आय पकड़ी है। आयकर विभाग ने पकड़े गए मामलों में से 487 मामलों को दूसरी सहायक एजेंसियों केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय को भी भेजे हैं, ताकि ये एजेंसियां वित्तीय अपराध जैसे कि मनी लांड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति जैसे मामलों की जांच कर सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App