40 पंचायतें सीएम के भरोसे

By: Jan 6th, 2017 12:05 am

राजा का तालाब – मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र का इसी माह में प्रस्तावित दौरा विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्रवासियों की निगाहें अब क्षेत्र को दी जाने वाली नई सौगातों व विकास कार्यों पर की जाने वाली घोषणाओं पर टिकी हैं। विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के अंतर्गत पड़ते कस्बा राजा का तालाब व इसके आसपास लगती 40 पंचायतों की एक लाख की आबादी को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस बार हलके के दौरे के दौरान राजा का तालाब को उपतहसील का दर्जा प्रदान कर क्षेत्रवासियों को नायाब तोहफा देंगे। कस्बा राजा का तालाब वर्षों से विकास के क्षेत्र में पिछड़ता आया है। राजा का तालाब तीन उपमंडलीय कार्यालयों नूरपुर, जवाली व फतेहपुर का केंद्र बिंदु कहलाता है, वहीं यह स्थान उक्त तीनों मुख्यालयों को आपस में लगभग एक समान दूरी से जोड़ता है। राजा का तालाब को उपतहसील का दर्जा मिलने से इलाकावासियों को यह नए साल का एक अनुपम व बहुमूल्य तोहफा होगा। इलाकावासियों ने उम्मीद जताई है कि क्षेत्र के लिए ऐसी उपलब्धि केवल स्थानीय विधायक एवं कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया के अनथक एवं सार्थक प्रयासों व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से ही संभव हो सकती है। मौजूदा समय में राजा का तालाब में अभी तक लोकहित से जुड़ा कोई कार्यालय नहीं है तथा इलाकावासियों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए या तो नूरपुर व जवाली और या फतेहपुर का रुख करना पड़ता है, जिससे उनका बेशकीमती समय आवाजाही में ही नष्ट हो जाता है। ऐसे में इलाके के वरिष्ठ नागरिकों, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोगों व कारोबारियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व स्थानीय विधायक एवं कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया से विनम्र प्रार्थना कर वर्षों से अनदेखी का शिकार हो रहे कस्बा राजा का तालाब को उपतहसील का दर्जा प्रदान करवाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App