आज से फिर सताएगा मौसम

By: Feb 4th, 2017 12:01 am

विभाग का पूर्वानुमान;पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बारिश 

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में शनिवार से फिर रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने शनिवार को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मैदानी इलाकों में अनेक स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पांच फरवरी को भी भारी बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। इसके चलते एक दफा फिर से हिमाचल शीतलहर की चपेट में आ सकता है।  शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल घिरे रहे। दिन के समय कई क्षेत्रों में हल्की धूप भी खिली, जिससे अधिकतम तापमान में उछाल आया है। सुंदरनगर को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री का उछाल आया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में नौ फरवरी तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में सात-आठ फरवरी को मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में फिर से गिरावट आने की उम्मीदें जताई जा रही है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार व रविवार को प्रदेश में मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। इस दौरान मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी बारिश व बर्फबारी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App