ऊना में तेंदुए ने सात को किया जख्मी

By: Feb 3rd, 2017 12:15 am

डठवाड़ा में तेंदुए को पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम पर टूट पड़ा खूंखार

newsnewsबंगाणा – वन परिक्षेत्र ऊना के तहत गांव डठवाड़ा में खूंखार तेंदुए ने वन विभाग की टीम पर हमला कर वन परिक्षेत्र अधिकारी और तीन वन रक्षकों सहित सात लोगों को घायल किया है। हमले में वन परिक्षेत्र अधिकारी ऊना राजेश ठाकुर गंभीर घायल हुए हैं। आरओ के मुंह, बाजू सहित अन्य जगह पर गंभीर चोंटें आई हैं, जबकि अन्य  सदस्य भी घायल हुए हैं। तेंदुए के हमले से वन रक्षक कपिल देव, डिप्टी रेंजर पवन कुमार, वन रक्षक केवल, वन कर्मी संजीव निवासी बीटन, वन कर्मी सचिन निवासी ऊना, अंकुश शर्मा निवासी भदोली (ग्रामीण युवक) को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम   ग्रामीणों के साथ डठवाड़ा में तेंदुए को पकड़ने पहुंची। करीब नौ बजे घायल तेंदुए को रोड से करीब दो सौ मीटर की दूसरी पर देखा था। ग्रामीणों की सूचना के चलते आरओ राजेश ठाकुर अपनी टीम सहित गांव में पहुंचे थे। तेंदुए को पिंजरे में कैद करने के लिए वन विभाग की टीम ने सर्च अभियान शुरू कर दिया। विभाग की टीम द्वारा तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते तेंदुआ लोगों की नजरों से गायब हो गया,  लेकिन कुछ ही देर बाद गुस्साए तेंदुए ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीण मौका से भाग गए।  लेकिन आरओ राजेश ठाकुर को तेंदुए ने अपने जबड़े में दबोच लिया।  हालांकि अन्य वन कर्मियों ने भी तेंदुए से आरओ को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए ने इन पर भी हमला कर घायल कर दिया। वहीं, बाद में आरओ के चिल्लाने की आवाज सुनकर एक अन्य युवक अंकुश आरओ को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया।   अंकुश ने काफी जद्देजहद के बाद तेंदुए के जबड़े से आरओ को बचा लिया। साथ ही घायल तेंदुए पर डंडे और तेजधार हथियारों से ताबड़ तोड़ प्रहार तेंदुए को वहीं ढेर कर दिया । बताया जा रहा है कि  तेंदुआ पहले से ही घायल था, जिसके चलते तेंदुए ने वन विभाग की टीम पर हमला किया। सूचना मिलने पर डीएफओ आरके डोगरा सहित अन्य लोग भी मौके पहुंच गए। साथ ही घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। गौर हो कि वन कर्मियों को अस्पताल पहुंचाने व बचाव कार्य में डठवाड़ा के मुनीष ने अहम भूमिका निभाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App