एक छत के नीचे इतना कुछ

By: Feb 8th, 2017 12:01 am

ऊना के समूरकलां में 18 करोड़ से बन रहे बहुउद्देश्यीय परिसर के लिए कसरत

ऊना – जिला ऊना में भाषा कला एवं संस्कृति विभाग प्राचीन अवशेषों व कलाकृतियों को जीवंत रखने के लिए समूरकलां में बहुउद्देश्यीय परिसर का निर्माण किया जा रहा है। यह परिसर बनाने का अनुमान करीब 18 करोड़ रखा गया है। जानकारी के अनुसार  परिसर इस तरीके से तैयार किया जा रहा है कि उसमें कला संग्रहालय के साथ अनेक सुविधाएं एक ही स्थल पर पर्यटकों को देखने को मिल सकें। इस आदर्श परिसर का भवन बनाने का कार्य जारी है। इस निर्माणाधीन भवन की प्लानिंग में इतिहास से जुडे़ जीवाश्म रखे जाएंगे। इसके लिए कला संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। इस परिसर में प्रदर्शनियां भी लगाई जा सकेंगी, जिसके लिए खुले भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इतिहास से जुड़ी जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए लाइब्रेरी भी खोली जाएगी। इतिहास से जुड़ी हर कलाकृति इस भवन की शोभा बढ़ाएगी। इसी परिसर में भाषा कला एवं संस्कृति विभाग का कार्यालय भी होगा। प्रचार-प्रसार करने वाले कलाकारों का रैन बसेरा भी यहीं स्थापित होगा। ऊना में भाषा कलां एवं संस्कृति से जुडे़ कई ऐसे गांव, प्राचीन मंदिर, ऐतिहासिक किले मौजूद हैं, जिनके अंश कला संग्रहालय में सहेजने की आवश्यकता समय की मांग हो गई है।

सरकार दिखा रही दिलचस्पी

सरकार ने जिला में इस बहुउद्देश्यीय परिसर बनाने में काफी दिलचस्पी दिखाई है। इस परिसर के निर्माण में एक अनुमान के अनुसार करीब 18 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। ऊना में ऐसा बहुउद्देश्यीय परिसर अपने आप में पर्यटकों के लिए अलौकिक व आकर्षित होगा। यह प्रोजेक्ट सिरे चढ़ाने के लिए सरकार ने परिसर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जिसकी नक्शे के अनुसार किए जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया जा रहा है। खबर की पुष्टि भाषा अधिकारी रेवती सैणी ने की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App