एक हफ्ता साफ रहेगा मौसम

By: Feb 11th, 2017 12:40 am

प्रदेश में 16 तक नहीं बारिश-बर्फबारी के आसार

newsशिमला  – हिमाचल प्रदेश में 16 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य भर में आगामी एक सप्ताह तक धूप खिले रहने की उम्मीद जताई है, जबकि फरवरी माह के चौथे सप्ताह के दौरान राज्य के उच्च व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश व हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। प्रदेश में शुक्रवार दिन भर मौसम शुष्क बना रहा और धूप खिली रही। बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। इससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री तक का उछाल आया है, वहीं सुंदरनगर को छोड़कर शेष हिमाचल के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में शुक्रवार को बीते रोज के मुकाबले बढ़ोतरी आई है, मगर अभी भी सुबह व शाम के समय ठंड का खासा प्रकोप देखा जा रहा है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो गुरुवार के मुकाबले तीन डिग्री अधिक है। इसके अलावा सुंदरनगर 22.0, भुंतर में 21.0, कल्पा में 4.0, धर्मशाला में 16.8, ऊना में 24.4, नाहन में 16.7 और सोलन में 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जिसमें गुरुवार के मुकाबले एक से पांच डिग्री तक का उछाल आंका गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 16 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा और अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिलेगी।

कल्पा-केलांग का तापमान माइनस में

प्रदेश के कल्पा-केलांग में अभी भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। कल्पा व केलांग का पारा अभी भी माइनस डिग्री में चल रहा है। कल्पा में न्यूनतम तापमान -2.6 और केलांग में -12.9 डिग्री दर्ज किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App