कलाकारों पर खूब बरसेगा पैसा

By: Feb 4th, 2017 12:01 am

पहली स्टार नाइट में ऑस्कर अवार्डी सुखविंदर सिंह मचाएंगे धूम

मंडी —  अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए इस बार भी प्रशासन पानी की तरह पैसा बहाएगा। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के मंच पर पहली बार ऑस्कर अवार्डी गायक और अभिनेता सुखविंदर सिंह धमाल मचाएंगे। चक दे इंडिया फिल्म के ‘जय हो’ गाने के लिए ऑस्कर अवार्ड जीत चुके सुखविंदर सिंह को मंडी प्रशासन ने इस बार शिवरात्रि महोत्सव का सबसे बड़ा और मुख्य कलाकार बनाया है। सुखविंदर सिंह 25 फरवरी को महोत्सव की पहली संध्या में मुख्य कलाकार होंगे। महोत्सव में दो पहाड़ी नाइट्स भी होंगी। अतिरिक्त उपायुक्त एवं संयोजक अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम उपसमिति हरिकेश मीणा ने बताया कि 26 फरवरी को कुलबिंद्र बिल्ला स्टार कलाकार होंगे, जबकि 27 फरवरी को कमाल खान और 28 फरवरी को शालमली खोलगड़े अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। पहली मार्च को शिप्रा गोयल एवं हास्य कलाकार राजीव निगम मुख्य कलाकार होंगे, जबकि अंतिम सांस्कृतिक संध्या में दो मार्च को सतिंद्र सरताज लोगों का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए मंडी जिला से संबंधित सांस्कृतिक दलों तथा कलाकारों को भी पूरा मौका दिया जाएगा। शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए इस बार भी मंडी जिला के कलाकारों का चयन ऑडिशन से होगा। यह ऑडिशन 14 से 18 फरवरी तक होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App