किडनी मरीजों के लिए दौड़ेंगे सुनील शर्मा

By: Feb 3rd, 2017 12:15 am

newsनाहन —  दि ग्रेट इंडिया रन फेम सुनील शर्मा दो जीवन बचाने के मकसद से 150 किलोमीटर दौड़ेंगे। सिरमौर में पहली बार हो रहे इस तरह के आयोजन में सुनील ने हरेक से इस नेक कार्य में हिस्सा लेने का आग्रह भी किया है। खास बात यह भी है कि इस चैरिटी रन से एकत्रित धनराशि का 45-45 प्रतिशत हिस्सा मरीजों को दिया जाएगा, जबकि शेष 10 प्रतिशत की राशि जिला रेडक्रॉस सोसायटी को प्रदान की जाएगी। चैरिटी रन 18 फरवरी को सुबह साढ़े सात बजे चौगान मैदान से शुरू होगी। तीन घंटे के भीतर दौड़कर सुनील साढ़े 10 बजे के आसपास ददाहू पहुंचेंगे। अढ़ाई बजे सतौन पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। शाम चार बजे राजबन, फिर अंतिम चरण में लगभग छह बजे पांवटा साहिब पहुंचेंगे। यहां रात्रि ठहराव के बाद 19 फरवरी को पांवटा साहिब, माजरा, धौलाकुआं, नाहन तक का सफर तय करेंगे। कुल दूरी 150 किलोमीटर के आसपास होगी। सिरमौरी बेटे की एक दिन में दौड़ने की क्षमता 70 से 90 किलोमीटर की है। चंडीगढ़ की यो वोडी इवेंट कंपनी भी निःस्वार्थ सेवा में आगे आई है। वहीं इस दौरान कंपनी के संस्थापक दीपक वर्मा भी मौजूद थे। सुनील शर्मा ने कॉमन वैल्थ गेम्स की तैयारियों के बीच भी किडनी के दोनों मरीजों की मदद के लिए आगे आने का कदम उठाया है। सुनील कुमार इससे पूर्व चंडीगढ़ सुकना लेक से श्रीरेणुकाजी झील तक 127 किलोमीटर की दौड़ 13 घंटे 55 मिनट में, चंडीगढ़ से दिल्ली की 250 किलोमीटर की दौड़ 38 घंटे 25 मिनट, जबकि दिल्ली से मुंबई के लिए दि ग्रेट इंडिया रन 1400 किलोमीटर की दूरी उन्होंने 19 दिनों में तय की थी। सुनील की समाज के हित में यह चौथी दौड़ है।

डिंपल-धनवीर को मदद का बीड़ा

सुनील शर्मा इस दौड़ के माध्यम से एकत्रित राशि द्वारा दो किडनी के मरीजों की मदद करना चाहते हैं। इनमें ऊना की डिंपल व नाहन के तालों निवासी धनवीर को आर्थिक मदद का बीड़ा उठाया गया है। दोनों की किडनियां जवाब दे चुकी हैं। गुरुवार को डिंपल के पति संजय सिंह ने पांच सालों के दर्द को साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के उपचार के लिए सब बिक चुका है। उधर, किडनी के दूसरे मरीज नाहन के तालों निवासी धनवीर के पिता का कहना है कि बेटे के दोनों गुर्दे फेल हो गए हैं। पांच लाख का खर्चा हो चुका है और अभी लाखों रुपए का खर्चा आना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App