जुब्बल कोटखाई को दीं 206 करोड़ की योजनाएं

By: Feb 10th, 2017 12:05 am

ठियोग— युवा कांग्रेस जुब्बल-कोटखाई के अध्यक्ष विक्रम सिंह कंवर, उपाध्यक्ष मुकेश सांजटा, महासचिव विक्रांत शर्मा, सचिव मुकबर और त्रिलोक चंद्र ने संयुक्त बयान में कहा है कि भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी आजकल पूर्व बागबानी मंत्री नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा से वन बूथ-टेन यूथ कार्यक्रम के बहाने चुनाव क्षेत्र में दौरे करवा रहे हैं। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में जब-जब भाजपा की सरकार सत्ता में होती है तो उस समय ये भाजपा के नेता नदारद हो जाते हैं। युवा कांग्रेस के  पदाधिकारियों ने कहा है कि चेतन बरागटा जो चुनाव क्षेत्र में विकास के काम ठप होने की बात कह रहे हैं, उसके लिए मुख्य संसदीय सचिव व जुब्बल-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर द्वारा भाजपा नेताओं को प्रमाणपत्र देने की आवश्यकता नहीं है युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रम कंवर ने चेतन बरागटा को राजनीति में अपना कद देखकर बयानबाजी करनी की सलाह दी है। भाजपा के नेता जो अपने-आपको विकास का मसीहा बताते हैं, वे बताएं कि यदि उन्होंने जुब्बल-कोटखाई में विकास किया था तो क्षेत्र की जनता ने इतने भारी मतों से भाजपा को क्यों हराया। विक्रम कंवर ने कहा कि आज जुब्बल-कोटखाई रोहित ठाकुर के कुषल नेतृत्व मे विकास की दृष्टि से पूरे प्रदेश में आगे बढ़ा है। जुब्बल-कोटखाई  में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत एवं पेयजल के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सड़कों के निर्माण में जुब्बल-कोटखाई चुनाव क्षेत्र में लगभग 206 करोड़  की योजनाएं मंजूर हुई हैं, जो कि पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है और जिनका कार्य भी प्रगति पर है। जुब्बल-कोटखाई में भाजपा अपना जनाधार खिसकते देख अब भाजपा के लोग चुनाव के नजदीक देखकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने जो गलतियां सत्ता में रह कर जनता से की है, उसमें माफी मांगने का सिलसिला फिर से शुरू कर दिया है। स्वयं नरेंद्र बरागटा अपने बेटे चेतन बरागटा को राजनीति में आगे लाने की नाकाम कोशिश कर परिवारवाद के शिकार हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जुब्बल-कोटखाई में भाजपा अपना जनाधार खो चुकी है। पंचायत चुनाव में भी पूर्व बागबानी मंत्री की दखलअंदाजी व पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी से भी कार्यकर्ता नाराज हैं, जिसका खामियाजा भाजपा को आगामी चुनाव में भी भुगतना पड़ेगा। इस बौखलाहट में भाजपा के नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे है। जनता जागरूक है और भाजपा के कार्यकाल में नरेंद्र बरागटा द्वारा जनता के साथ किए गए अन्याय को भलि-भांति समझती है। पूर्व भाजपा कार्यकाल में नरेंद्र बरागटा ने ताबड़तोड़ कर्मचारियों के बदले की भावना से तबादले किए और पंचायतीराज संस्थाओं के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को प्रताडि़त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App