तकनीकी कर्मचारी यूनियनें एक

By: Feb 12th, 2017 12:15 am

चार साल के बाद दोनों गुटों ने किया समझौता, मोहन ठाकुर रहेंगे संघ के अध्यक्ष

newsशिमला – लगभग चार साल से दो फाड़ हुईं बिजली बोर्ड की तकनीकी कर्मचारी यूनियन अब एक हो गई हैं। दोनों गुटों ने आपसी समझौता करके गुटबाजी को खत्म कर दिया है और बिजली बोर्ड प्रबंधन को छह मार्च का अल्टीमेटम दिया है। इससे पहले उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो इस दिन यूनियन अपना आंदोलन शुरू कर देगी। बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अब मोहन ठाकुर ही रहेंगे। दूसरे धड़े के अध्यक्ष होशियार सिंह चंदेल तथा युसुफ खान को राष्ट्रीय विद्युत मजदूर महासंघ का सदस्य बनाया गया है। इनके अलावा नेक राम ठाकुर को कार्यकारी अध्यक्ष, सुनील शर्मा, प्रदीप ठाकुर को उपाध्यक्ष, रणवीर चौहान को उपसचिव, देवेंद्र शर्मा को अतिरिक्त महामंत्री, रणवीर ठाकुर को वित्त सचिव, प्रकाश चंद को लेखा परीक्षक नियुक्त किया गया है। मोहन लाल ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे, जबकि दुनी चंद ठाकुर को महामंत्री की कुर्सी दी गई है। यह जानकारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शालिगराम ने दी है। गौरतलब है कि तकनीकी कर्मचारियों में लंबे समय से मतभेद चल रहे थे, जिसके कारण दो गुटों का गठन हो गया, जिसमें एक का नेतृत्व होशियार चंदेल कर रहे थे तो दूसरे का नेतृत्व मोहन ठाकुर कर रहे थे। गुटबाजी के कारण ही तकनीकी कर्मचारियों की मांगें पूरी होने में भी दिक्कत हो रही थी, क्योंकि बोर्ड प्रबंधन एक यूनियन के साथ वार्ता कर रहा था तो दूसरी को टाल रहा था। इसके कारण कर्मचारियों के मसले अनसुलझे रह गए थे। तकनीकी कर्मचारी संघ ने अब एक होने के बाद बिजली बोर्ड के प्रबंधकों को चेतावनी दी है कि उनके 40 सूत्री मांग पत्र में मौजूद मांगों को पूरा करें, अन्यथा छह मार्च को कुमार हाउस में धरना दिया जाएगा और इसी दिन शाम को जुलूस की शक्ल में विधानसभा पहुंचेंगे व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं 300 रुपए मोबाइल भत्ता, खतरा भत्ता 50 से बढ़ाकर 200 रुपए करना, वर्दी भत्ता 140 से बढ़ाकर 500 रुपए करना तथा यॉर्डस्टिक के मुताबिक पदों का सृजन करने की मांग कर्मचारी कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App