धूमल से जीत का मंत्र लेंगे भाजपाई

By: Feb 27th, 2017 12:05 am

विधानसभा चुनावों की आहट से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज

सोलन   —  विधानसभा चुनावों की आहट से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। पांच मार्च को पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के सोलन दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है। प्रेम कुमार धूमल अपने इस एकदिवसीय सोलन दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। पूर्व सीएम गंज बाजार सोलन में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया जाएगा और भाजपा द्वारा दिया गया माफिया राज हटाओ-हिमाचल बचाओ के नारे को सोलन में बुलंद किया जाएगा।

आरोप लगाया

सोलन में आपराधिक घटनाक्रम इस सप्ताह भी जारी रहे। सोलन की एक महिला ने पुलिस कर्मी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। आरोप है कि किन्नौर में तैनात पुलिस कर्मी बीते लंबे अरसे से उसका यौन शोषण कर रहा है। पुलिस कर्मी ने युवती को शादी का झांसा भी दे रखा था। पुलिस ने युवती की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी हैं, जबकि युवती का मेडिकल करवाया जा रहा है।

पेयजल की किल्लत लगातार बढ़ी

सोलन शहर के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। आंजी, शमलेच और शराणू सहित आधा दर्जन गांव में लोगों को बीते एक सप्ताह से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। लोग आसपास के क्षेत्रों से नाले का गंदा पानी लेकर आ रहे हैं, जिसकी वजह से क्षेत्र में कई जानलेवा बीमारियों के फैलने की आशंका भी बन गई है। इस क्षेत्र में बीते लंबे अरसे से पेयजल की किल्लत हैं। पानी की समस्या का स्थायी हल न होने की वजह से ग्रामीण काफी अधिक परेशान है। इस बारे में कई बार प्रशासन और आईपीएच के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया हैं, लेकिन हजारों ग्रामीणों की पुकार सुनने वाला कोई नहीं है।

दो स्थानों पर हुई आग की घटनाएं   

जिला के दो स्थानों पर आग की घटनाएं हुई है। कोठों के समीप एक गैराज में लगी आग के कारण करीब साढ़े चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं कुनिहार में भी एक खोखे में आग लगने की वजह से हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। इस घटना में कुर्सियां, टेबल व टीवी सहित अन्य सामान भी जल गया।

मजदूरों का आंदोलन समाप्त नहीं हो रहा 

सीमेंट प्लांट अंबुजा में मजदूरों का आंदोलन समाप्त होने में नहीं आ रहा है। तीन माह से अधिक का समय हो चुका हैं, मजदूरों की मांगों को लेकर अंबुजा प्रशासन झुकने को तैयार नहीं है। यह आंदोलन अभी कितने दिन चलेगा, यह किसी को पता नहीं। मजदूरों के आंदोलन की वजह से ग्रामीणों में भी अब कपंनी के खिलाफ काफी रोष है। आंदोलन पर बैठे मजदूरों के परिवार रोजी रोटी के मोहताज हो गए हैं।

 महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया 

इस सप्ताह महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जिला भर में शिवालयों में भगवान शिव का गुणगान किया गया। कई मंदिरों में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। दूसरे दिन कई स्थानों पर भंडारों का भी आयोजन किया गया था।

मौसम ने फिर से बदली करवट

इस सप्ताह मौसम ने फिर से करवट बदली है। जिला के अधिकतर स्थानों पर हल्की बारिश होने के बाद मौसम ठंडा हो गया है। ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी होने की वजह से मैदानी क्षेत्रों व मध्यवर्गीय पहाड़ी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App