नारी मांगे दावेदारी, अध्यक्ष ने छोड़ दी पारी

By: Feb 10th, 2017 12:01 am

महिला कांग्रेस ने की 33 फीसदी टिकटों की डिमांड

ऊना —  प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से हाइकमान से 33 फीसदी टिकट महिलाओं के लिए मांगे जाएंगे। विधानसभा चुनाव में जीत के सक्षम महिला उम्मीदवारों की सूची हाइकमान के लिए भेजी जाएगी, ताकि महिलाओं को भी चुनाव लड़ने का मौका मिल सके। टिकट पर अंतिम स्वीकृति हाइकमान की ओर से ही दी जाएगी, लेकिन उससे पहले महिला उम्मीदवार भी अपना बायोडाटा हाइकमान के पास जमा करवा सकती हैं। महिला कांग्रेस द्वारा भी जीत में सक्षम महिला दावेदार प्रत्याशियों की सूची हाइकमान को भेजी जाएगी। महिलाओं को टिकट आबंटित करने से पहले बाकायदा आब्जर्वर संबंधित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। गुरुवार को प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशीला नेगी ने कहा कि कांग्रेस ने ही महिलाओं को राजनीति में आरक्षण देने के लिए 33 प्रतिशत का कानून बनाने की पहल की थी, लेकिन राजनीतिक दलों ने इसे खुलकर समर्थन नहीं दिया। अब केंद्र में भाजपा बहुमत की सरकार है और भाजपा ने भी इसका वादा किया था। पीएम मोदी को महिला हित में इस बिल को पास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर हाइकमान सदैव महिलाओं की भागीदारी को लेकर स्पष्ट रहा है। कांग्रेस ने हर स्तर पर महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल, मंत्री, विधायक व सांसद के पदों पर महिलाओं को कांग्रेस आगे लेकर आई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला है, जबकि भाजपा दिखाने को महिलाओं की बात करती है, लेकिन जब सत्ता में भागीदारी की बात आती है, तो महिलाओं को नजरअंदाज किया जाता है।

महिलाएं दें साथ, तभी बनेगी बात

महिला कांग्रेस ने आरोप लगया कि भाजपा की राजनीति महिला विरोधी है। उन्होंने महिलाओं से भी आह्वान किया कि पार्टी समर्थित प्रत्याशी का ही समर्थन करें। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएं। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा उर्मिला शर्मा, प्रदेश की महासचिव सत्या गाजटा, शिमला की जिलाध्यक्ष शशि बहल सहित अन्य मौजूद थे।

अर्की कांग्रेस के अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

हरिराम कौंडल को हैल्थ प्रॉब्लम या फिर राजनीतिक…

सोलन  —  प्रदेश भर में चर्चित अर्की कांग्रेस के अध्यक्ष हरिराम कौंडल ने पद से इस्तीफा दे दिया है। अर्की भी एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को यहां से बार-बार चुनाव लड़ने का आग्रह किया जाता रहा है। विधानसभा चुनावों की आहट पर मंडलाध्यक्ष का इस्तीफा काफी राजनीतिक मायने रखता है। इस्तीफे में मंडलाध्यक्ष ने हालांकि स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया हैं, परंतु पर्दे के पीछे कयास लगाए जा रहे हैं कि यह स्वास्थ्य रोग की बजाय राजनीतिक रोग है, जो अर्की विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जड़ों में विकराल रूप से फैल चुका है। अर्की कांग्रेस सक्रिय में सभी राजनीतिक ध्रुवों को एक दिशा में लाने के लिए हरिराम कौंडल को करीब अढ़ाई वर्ष पूर्व पीसीसी ने मंडलाध्यक्ष मनोनीत किया था। अतीत से सबब लेकर पार्टी हाइकमान ने हरिराम कौंडल पर दांव खेला, क्योंकि हरिराम कांग्रेस के सभी धड़ों से बराबर संपर्क में थे। अब हरिराम कौंडल ने इस्तीफा दे दिया है।

भारती की बनी फेक फेसबुक आईडी

फतेहपुर   —  वीरभद्र सरकार में सीपीएस नीरज भारती की बेबाकी का जवाब देने के लिए किसी ने शरारतपूर्ण तरीके से न केवल उनकी फेक फेसबुक आईडी बना डाली, बल्कि उनके चेहरे की जगह आपत्तिजनक फोटो चस्पा कर दी है। इस तरह की तस्वीरें तो उसी दिन से वायरल हो रही थीं, जिस दिन सीएम उनके विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आए थे। ठीक उसके बाद नीरज भारती के चेहरे की जगह आपत्तिजनक तस्वीर चस्पां कर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया गया था,पर गुरुवार को तो उनके नाम पर बनी फेक फेसबुक आईडी ही सामने आ गई है। अगर कोई भी व्यक्ति फेसबुक पर नीरज भारती नाम से सर्च करता है, तो उनकी दो आईडी के अलावा तीसरी आईडी भी सर्च में सामने आ जाती है। यही नहीं इस फेक आईडी पर बेहद भद्दे कमेंट हुए हैं। आईडी सर्च करते ही सीपीएस का मतलब समझाया गया है। आईडी की तस्वीरें देखने पर एक शख्स कुर्सी पर बैठा दिखाया गया है और उसके चेहरे पर आपत्तिजनक तस्वीर लगा दी गई है।

बीजेपी वालों पर शक

सीपीएस नीरज भारती का कहना है कि यह काम बीजेपी वाले करवा रहे हैं। वह अपने स्तर पर भी मामले की जांच करेंगे और पुलिस को भी इस मामले की जांच किए जाने के लिए कहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App