पंजाब-गोवा में चुनावी भोंपू खामोश

By: Feb 3rd, 2017 12:10 am

चार फरवरी को वोटिंग, आखिरी दिन सभी पार्टियों के नेताओं ने लगाया एड़ी चोटी का जोर

NEWSचंडीगढ़— पंजाब और गोवा विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार शाम पांच बजे से प्रचार थम गया। इन दोनों राज्यों में चार फरवरी को वोटिंग होनी है। पंजाब की 117 सीटों पर राज्य में सत्ताधारी शिरोमणि अकाली दल और भाजपा गठबंधन को कांग्रेस जबरदस्त टक्कर दे रही है, तो वहीं पंजाब के चुनावी समर पर पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी भी यहां खूब खम ठोंक रही है। चुनाव प्रचार के अखिरी दिन इन सभी पार्टियों ने जोरदार प्रचार किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जहां संगरूर में रैली करेंगे, तो वहीं पंजाब के उपमुख्यमंत्री और शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल की लंबी में जनसभा है, जबकि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने लुधियाना में जनसभा को संबोधित किया। इस चुनाव में कई दिग्गज की किस्मत दांव पर लगी है। मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, आम आदमी पार्टी से भागवत मान और एसएस फुलका तो बीजेपी के जेजे सिंह की किस्मत का फैसला होने वाला है। गौर रहे कि पंजाब में आप के स्टार प्रचारक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के लिए धुंआधार प्रचार किया उनका साथ संजय सिंह, भगवंत मान, गुरप्रीत वडैच दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी दिया। कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, आनंद शर्मा, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। अकाली गठबंधन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, राजनाथ सिंह, नरेंद्र तोमर, प्रेम कुमार धूमल, अनुराग ठाकुर, मनोज तिवारी, हेमा मालिनी, हंसराज हंस, स्मृति इरानी व मीनाक्षी लेखी सहित कई केंद्रीय नेताओें ने प्रचार किया। बसपा की सुप्रीमो मायावती पार्टी प्रत्याशियों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने भी वाम प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया।

अब डोर-टू-डोर वोट मांगने का प्लान

पंजाब और गोवा में चार फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए पिछले एक माह से चल रहा प्रचार गुरुवार शाम पांच बजे थम गया, लेकिन प्रत्याशियों का घर-घर जाने का अभियान जारी रहा। यह चुनाव प्रचार कुछ मामलों में पहले से अलग रहा, क्योंकि चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष के साथ मतदाताओं की अधिकाधिक भागेदारी सुनिश्चित करने के पूरे प्रबंध किये, वहीं सभी पार्टियों ने लोकतंत्र की सारी मर्यादाएं लांघकर आतंकवादियों से मिले होने तथा राज्य में आतंकवाद को पुनजीर्वित करने जैसे आरोप लगाए गए।

पंजाब में करीब एक करोड़ 97 लाख मतदाता

राज्य के करीब एक करोड़ 97 लाख मतदाता चार फरवरी को अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। राज्य में कुल 22 हजार 600 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से संवेदनशील 4840 तथा अति संवेदनशील 786 चिन्हित किए गए हैं।

सोशल मीडिया में प्रचार पर भी पाबंदी

चार फरवरी, 2017 को होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव और अमृतसर लोकसभा उपचुनाव संबंधी चुनाव प्रचार समाप्त होने पर आखिरी 48 घंटों के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों में आंशिक संशोधन करते हुए आयोग ने नए निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब वीके सिंह ने बताया कि नए निर्देशों अनुसार चुनाव प्रचार समाप्त होने के पश्चात दो फरवरी, 2017 को सायं पांच बजे के बाद जहां राजनीतिक पार्टियां और उम्मीदवारों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर चलाए जा रहे विज्ञापन पर संपूर्ण पाबंदी लगाई गई है, वहीं साथ ही अब इस समय दौरान बल्क एसएमएस, सोशल मीडिया और आईवीआरएस संदेशों द्वारा भी राजसी पार्टियां और उम्मीदवारों द्वारा किए जा रहे प्रचार पर पाबंदी लगा दी गई है। यह पाबंदी चार फरवरी, 2017 को सायं पांच बजे तक लागू रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App