पहले पेड़ कटवाए, चुनाव नजदीक देख बनाई पालिसी

By: Feb 20th, 2017 12:05 am

रामपुर बुशहर – प्रदेश सरकार किसान-बागबान विरोधी है। पहले तो सरकार ने गरीब व सीमांत किसान-बागबानों के पेड़ कटवाए और अब चुनाव नजदीक आते देख अवैध कब्जों को नियमित करने के लिए कानून बनाया। सरकार ने उनकी कमर तोड़ी, अब इस पर मरहम लगाने का काम किया, लेकिन गरीब बागबानों को तो नुकसान हुआ है। यह बात रामपुर भाजपा ने कही। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रेम सिंह ध्रैक, नीना शर्मा, श्याम लाल, मंडलाध्यक्ष शशि भूषण, किसान मोर्चा जिला महासू के अध्यक्ष कुलवीर खुंद, राजा राम देष्टा, अनु पौंड, एससी कश्यप, यशपाल चौहान, शेर सिंह खुंद और अनिल चौहान आदि ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान-बागबान विरोधी है। सरकार ने अवैध कब्जों को नियमित करने की बात को बागबानों के जले पर नमक छिड़कना कहा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। यह केवल एक चुनावी स्टंट है, जिन लोगों के सेब के पेड़ काटे गए हैं, उनके इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा। भाजपा ने आरोप लगाया  कि पिछले चार सालों में उद्यान विभाग से विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली सबसिडी भी किसानों-बागबानों को नहीं मिल रही है। अच्छे किस्म के पौधों के स्थान पर बीमार व घटिया पौधे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। साथ ही महंगे भी दिए जा रहे हैं। इससे बागबानों की हालत खराब होने वाली है, जिससे साफ होता है कि प्रदेश सरकार सामंतवादी सरकार है, जो लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लागू नहीं कर रही है, जिस कारण प्रदेश के किसान भी दूसरे राज्यों के किसानों की तरह आत्महत्याएं करने को मजबूर हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिन किसानों ने केसीसी के तहत चार प्रतिशत की दर पर लोन लिया है वे भी सरकार की खराब नीतियों के कारण उसका भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों में किसानों का शोषण किया है। प्रदेश सरकार के इस रवैये के चलते भाजपा जिला महासू 21 फरवरी को शिमला में उद्यान निदेशालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसमें जिला व मंडल और प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का आना अनिवार्य किया गया है और भाजपा के हर संगठन से कम से कम 15-15 सदस्यों को बुलाया गया है। धरने-प्रदर्शन में रामपुर मंडल से करीब 400-500 कार्यकर्ता भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App