पहाड़ भीगेंगे, मैदानों में मौसम साफ

By: Feb 8th, 2017 12:01 am

कल से 13 फरवरी तक नहीं बारिश-बर्फबारी के आसार

शिमला  — हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग ने मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। विभाग के मुताबिक समूचे प्रदेश में नौ से 13 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप खिलेगी। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कल्पा में फिर से हिमपात हुआ है। कल्पा में 2.0 सेंटीमीटर हिमपात रिकार्ड किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 4.0 और मंडी में 3.0 मिलीमीटर बारिश हुई है। मंगलवार के प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा और धूप खिली रही। धूप खिलने से अधिकतम व न्यूनतम उछाल आया है। प्रदेश के कई क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जबकि बीते रोज राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके अलावा सुंदरनगर में 21.2, भुंतर में 17.6, कल्पा में 5.0, धर्मशाला में 15.6, ऊना में 22.6, नाहन में 20.2 और सोलन में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार को  मौसम खराब बना रहेगा।  राज्य में नौ से 13 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App