फंड है, पर पेंशन फिर भी नहीं

By: Feb 28th, 2017 12:01 am

नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व कर्मियों ने जीएस बाली को बताई दिक्कतें

धर्मशाला – हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन सुविधा शुरू नहीं की गई है। निगम के पास पेंशन फंड उपलब्ध होने के बाद भी यह सुविधा नहीं दी जा रही है। पेंशन सुविधा शुरू करने के लिए सोमवार को निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली से मिला। निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन का प्रतिनिधिमंडल बीबी गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्री से मिलकर पेंशन की समस्या को रखा। संगठन के महासचिव बीएस राणा ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पेंशन ट्रस्ट गठित किया था। उन्होंने कहा कि इस पेंशन ट्रस्ट में लगभग 27 करोड़ रुपए का निगम का योगदान तथा लगभग 40 करोड़ की दर से कर्मचारियों का नियोक्ता अंशदान के रूप में है, जिसके चलते करीब 67 करोड़ रुपए उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि निगम से वर्ष 1999 से रिटायर्ड हुए कर्मचारियों को पेंशन सुविधा मिलनी है। अभी तक निगम से रिटायर्ड हुए करीब 275 कर्मचारियों को पेंशन सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने मंत्री से मांग उठाई की निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पेंशन फंड से पेंशन शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की इस मांग पर मंत्री द्वारा उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है। इस दौरान संगठन के जेपी कालिया, सर्वजीत बैंस, हरीश महाजन, दया कृष्ण वालिया, कपिल दीप गुप्ता, सुभाष चौधरी, रछपाल कौंडल, करतार धीमान, दिवेश गुलेरिया व रूप लाल मुख्य रूप से शामिल रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की समस्या सुनने पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App