माफिया के खिलाफ…महासंग्राम

By: Feb 22nd, 2017 12:07 am

हल्ला बोल… बिलासपुर शहर में भाजपा की जबरदस्त रैली, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांगे्रस के विरुद्ध भरी हुंकार

news

हिमाचल की बारी

भाजपा की इस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने नारा देकर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। धूमल ने नारा दिया कि दिल्ली में  सरकार हमारी है और अब हिमाचल की बारी है। रैली में कार्यकर्ताओं ने यह नारा लगाकर माहौल गर्म कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार हर मोर्चे पर फेल है और इस बार परिवर्तन निश्चित है।

अली बाबा, 40 चोर

अभियान के संयोजक एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार को अली बाबा और चालीस चोर की सरकार कहा। रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकार का मुखिया खुद ही माफिया का संरक्षक बना हुआ है तो कार्रवाई कौन करेगा और इसकी उम्मीद भी नहीं की जा सकती है। शिमला में तबादला और बिलासपुर में गुंडा माफिया सरकार की पोल खोल रहे हैं।

लट्ठतंत्र हावी

पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने कहा कि चाहे डीएफओ के साथ मारपीट मामला हो या फिर बागी बिनौला कांड, अब डियारा हर मामले में विधायक व उनके बेटे का नाम आया है। यहां लोकतंत्र नहीं बल्कि लट्ठतंत्र का बोलबाला है। अधिकारी यहां सही ढंग से अपना कार्य नहीं कर पा रहे और उन्हें गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। प्रशासन आंख मूंदकर बैठा हुआ है।

नारों और हारों से दिग्गजों का वेलकम

बिलासपुर –

भाजपा ने माफिया राज हटाओ हिमाचल प्रदेश बचाओ अभियान के शुभारंभ पर मंगलवार को बिलासपुर में  रैली का आयोजन किया। यह रैली सदर मंडल भाजपा की ओर से आयोजित की गई, जिसमें  सैकड़ों लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पार्टी अध्यक्ष सतपाल सत्ती का जोरदार नारेबाजी कर गर्मजोशी के साथ स्वागत अभिनंदन किया और उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया। श्री धूमल ने मंच से भारत माता की जय, वंदेमातरम्, तख्त बदल दो ताज बदल दो, दिल्ली में  सरकार हमारी है और अब हिमाचल की बारी है के नारे लगवाकर रैली का समापन किया। इससे पहले मंच पर पहुंचते ही मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया। पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तो मंडलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने सतपाल सत्ती का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान भाजयुमो की ओर से प्रेम कुमार धूमल को गुर्ज भेंट किया गया और नयनादेवी से कार्यकर्ताओं ने मां की चुनरी भेंट की। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला अध्यक्ष राकेश गौतम, जिला महामंत्री भीम सिंह चंदेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शशिपाल शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रूपलाल ठाकुर के अलावा घुमारवीं से भाजपा प्रत्याशी रहे राजेंद्र गर्ग ने रैली को संबोधित किया और प्रदेश सरकार के कार्यकाल में पनपे भ्रष्टाचार, माफिया राज के खिलाफ तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सदर हलके में गुंडाराज का बोलबाला है और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अधिकारी और कर्मचारी यहां से तबादला करना ही मुनासिब समझ रहे है। पर अब यह सहन नहीं होगा।

पीठ थपथपाई

बिलासपुर पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती का गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ, जिससे गदगद श्री धूमल ने सदर मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर और पूर्व सांसद सुरेश चंदेल की पीठ थपथपाई और रैली के सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी। इस मौके पर नारों से पूरा क्षेत्र गंूज उठा।

कुछ ऐसा हुआ

रक्षक बना…भक्षक

भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शशिपाल शर्मा ने रैली में कविता पढ़ी कि हम तुम्हें जगाने आए हैं, तुम्हें जागना ही होगा, जागना ही होगा। जिसको रक्षक बनाया था, वह भक्षक बन बैठा है।

भाजपा में शामिल

रैली में  रोशन लाल मस्ताना, संजीव कुमार, रमेश कुमार और मुनीम ने भाजपा का दामन थामा।

ऐ मेरे प्यारे धूमल…

सूबेदार प्रीतम सिंह ने रैली के दौरान श्री धूमल पर तैयार की गई अपनी एक कविता पेश की। इस कविता में  उन्होंने कहा कि ऐ मेरे दिल के कमल, ऐ मेरे प्यारे धूमल, तुझ पर दिल कुर्बान है।

सीएम खुद दे रहे साथ

बिलासपुर – माफिया राज हटाओ हिमाचल प्रदेश बचाओ अभियान के संयोजक एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार और सदर के विधायक पर तीखा हमला बोला। अभियान के शुभारंभ मौके पर यहां मेन मार्केट में  आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल में  माफिया राज चल रहा है और खुद मुख्यमंत्री का माफियाओं को संरक्षण है। उन्होंने कहा कि वन, खनन, ड्रग और तबादला माफिया सरकार में सक्रिय हैं। लेकिन बिलासपुर में  सब तरह के माफिया हैं, जिन्हें यहां के विधायक व सरकार का पूरा संरक्षण प्राप्त है। इस सरकार की हालत अली बाबा और चालीस चोर वाली हो गई है। क्रांतिकारियों व संघर्ष की इस धरती को कलंकित करके रख दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा तैयार की गई चार्जशीट में  पूरे प्रदेश में  केवल एकमात्र विधायक का नाम है और वह यहां के विधायक हैं। बिलासपुर सदर के हालात सबके सामने हैं किसी से छिपे नहीं। यहां अब बल्कर माफिया भी सक्रिय हो गया है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व को वादा किया कि चुनाव में  चारों सीटें पार्टी की झोली में  डालेंगे। रैली को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने कहा कि हमारे पास ऐसे कई तथ्य मौजूद हैं, जहां सदर विधायक ने विभिन्न पंचायतों में जाकर झूठी घोषणाएं की हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App