यूपी में अब असली मुकाबला

By: Feb 25th, 2017 12:03 am

पांचवें चरण के लिए मतदान 27 को; राहुल की विरासत, राम की सियासत दांव पर

newsलखनऊ- लखनऊ- यूपी में पांचवें चरण के लिए वोट सोमवार को पडेंगे। यह वह चरण है, जिनके प्रतीकों की सियासत से यूपी चुनाव का आगाज हुआ है। राहुल की परंपरागत सीट अमेठी उनके चमत्कार का इम्तेहान लेने के लिए तैयार है। वहीं, राम-नाम लेकर चुनाव में आई बीजेपी के सबसे खास मुद्दे राम मंदिर की परख भी अयोध्या सीट पर होगी। यूपी में चार चरण के चुनाव हो चुके हैं। पांचवां चरण सियासत, विरासत और प्रतीक तीनों ही लिहाज से अहम है।  2012 में इस चरण की 52 सीटों में एसपी ने 38 (एक सीट उपचुनाव में) सीटें जीती थीं। वहीं, कांग्रेस के खाते में भी पांच सीटें गई थी। इस लिहाजा से 85 फीसदी सीटें गठबंधन के खाते में हैं। हालांकि, इसमें कांग्रेस के एक विधायक बीएसपी व दो बीजेपी का दामन थाम चुके हैं। बीजेपी और बीएसपी इस चरण में कांग्रेस से भी पिछड़ गए थे। गठबंधन की ‘गांठ’ व गायत्री-जिस गठबंधन के भरोसे अखिलेश यादव यूपी में 300 सीट जीतने का दाव लिए उतरे थे। इस चरण में उसकी गांठ साफ दिख रही है। अमेठी से एसपी सरकार के सबसे चर्चित मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति उम्मीदवार हैं। खनन घोटाले को लेकर विपक्ष के लगातार निशाने के बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रेप का भी मुकदमा होने से गायत्री की मुसीबत और बढ़ गई है। असर यह रहा कि यहां सभा करने के बाद भी सीएम अखिलेश यादव उनका नाम लेने में संकोच कर गए। दूसरी ओर कांग्रेस नेता संजय सिंह की दोनों पत्नियां गायत्री की राह रोकने को खड़ी हैं। पहली पत्नी गरिमा सिंह बीजेपी से उम्मीदवार हैं, तो दूसरी पत्नी अमीता सिंह गठबंधन दरकिनार कर कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। इसके चलते राहुल-प्रियंका तक प्रचार में असहज दिख रहे हैं। हालांकि, सुलतानपुर में बीजेपी की मुसीबत खुद उसके ही सांसद वरुण गांधी बढ़ा रहे हैं। अब तक वह पार्टी प्रत्याशियों से किनारा किए हुए हैं।

कौन कितने पानी में

कुल सीटें-52 एसपी-38 कांग्रेस-05 बीजेपी-04

बीएसपी-03 पीस पार्टी-02

इन जिलों में चुनाव

बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अमेठी, सुलतानपुर।

कुल वोटर-1.84 करोड़

पुरुष-95 लाख

महिला-89 लाख

आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार

लखनऊ-पूर्वी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 52 सीटो पर राज्य विधानसभा के पांचवं चरण का चुनाव प्रचार आज शाम थम जाएगा। पांचवं चरण में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में समाजवादी पार्टी(सपा)-कांग्रेस गठबंधन का लिमटस टेस्ट होगा जहां पर दोनों पार्टियों का 80 प्रतिशत सीटों पर कब्जा है।  इस चरण में जिन प्रमुख जिलों में मतदान होना है उसमें  कांग्रेस का गढ अमेठी, सुलतानपुर, फैजाबाद, अंबेडकरनगर  और बहराइच शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस चरण में बस्ती, बहराइच और गोंडा समेत तीन जनसभाओं को संबोधित किया। अन्य राजनीतिक दलों के नेताओ ने भी प्रचार में कोई कसर नही छोडी। सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी अमेठी और गौरीगंज विधानसभा सीटों पर आमने-सामने होने पर दोनों पार्टियां दुविधा में हैं। कांग्रेस ने 11 जिलों में से सात जिलों में कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नही उतारा है जिसमें फैजाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती और बहराइच जिला शामिल है।  कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, बसपा अध्यक्ष मायावती, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, सपा अध्यक्ष एवं प्रदेेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा कई केंद्रीय मंत्रियों ने अपनी पार्टी के प्रत्याशियों पक्ष में कई जनसभाओं को संबोधित किया।

रालोद का दावा, सरकार बनाने की चाबी उसके पास, किसी को नही बहुमत

लखनऊ-उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलने का दावा करते हुए राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने कहा कि सरकार बनाने की चाबी उनके पास ही रहेगी और वे किसी भी कीमत पर सूबे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने नहीं देंगे।  रालोद के महासचिव त्रिलोक त्यागी और एवं पूर्व मंत्री चौधरी साहब सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य विधानसभा के चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा, ऐसे में रालोद की मदद के बगैर सरकार नहीं बनेगी। रालोद धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए किसी भी कीमत पर भाजपा की सरकार नहीं बनने देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाषण से ही जनता का पेट भरने में माहिर हैं। उन्होंने दोनों दलों की सरकारों को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि श्री मोदी अपने भाषण में कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के 24 घंटे के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

किसकी होगी अयोध्या

इस चरण का सबसे अहम सवाल अयोध्या की कुर्सी का है। 2012 में एसपी के तेज नारायण उर्फ पवन पांडेय इस सीट को 21 साल बाद बीजेपी से छीनने में सफल रहे थे।  मंत्रियों-सांसदों की प्रतिष्ठा का सवाल-पांचवे चरण में कई चर्चित चेहरे भी हैं। कटेहरी से अक्सर चर्चा में रहे मंत्री शंखलाल मांझी की दावेदारी है। टांडा से बाहुबली अजीमुल हक फिर एसपी के उम्मीदवार हैं। गोसाईगंज से बाहुबली अभय सिंह सीट बचाने को लड़ रहे हैं। अकबरपुर से मंत्री राममूर्ति वर्मा तो बलहा से वंशीधर बौद्ध उम्मीदवार हैं। उपचुनाव में जीते वंशीधर को एसपी सरकार में मंत्री बनाया गया था। अपनी सादगी के लिए वह चर्चा में रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App