रेगुलर होनी चाहिए घरेलू गैस की सप्लाई

By: Feb 14th, 2017 12:07 am

newsसोलन  – अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन संदीप नेगी ने जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिले में घरेलू गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए औचक निरीक्षण किए जाए। संदीप नेगी जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सभी लोगों तक घरेलू गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए गैस आपूर्ति के रूट निर्धारित किए हैं। इस संबंध में यह आवश्यक है कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक द्वारा इन रूटों की अनुपालना सुनिश्चित बनाई जाए। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि घरेलू गैस की आपूर्ति के लिए विभिन्न गैस कंपनियों द्वारा निर्धारित तिथियों की अनुपालना सुनिश्चित बनाई जाए। विभाग के अधिकारी नियमित अंतराल पर निरीक्षण कर गैस आपूर्ति सुनिश्चित बनाएं। संदीप नेगी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित राशन की गुणवत्तायुक्त आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जाए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की सभी दुकानों में मूल्य दरें दर्शाई जानी चाहिएं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत सोलन जिले में 3,09,678 पात्र उपभोक्ताओं के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला में अभी 64,925 पात्र उपभोक्ताओं का चयन किया जाना है।

तीन महीने में सवा लाख जुर्माना

जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक यादविंद्र पाल ने बैठक में जानकारी दी कि विभाग द्वारा गत तीन महीनों में कुल 940 निरीक्षण कर 1,24,040 रुपए का जुर्माना वसूला गया। नवंबर, 2016 में विभाग ने 276, दिसंबर, 2016 में 281 तथा जनवरी, 2017 में कुल 383 निरीक्षण किए गए। इस दौरान माप एवं तोल विभाग द्वारा 376 निरीक्षण कर समझौता राशि के रूप में 1,31,500 रुपए वसूले गए। कुल 30 चालान भी किए गए। सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं तथा क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सोलन द्वारा भी क्रमशः 38 एवं 14 निरीक्षण किए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रथम नवंबर, 2016 से 31 जनवरी, 2017 तक विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उपभोक्ताओं को लगभग 16 करोड़ 40 लाख रुपए के 1,14,571 किलोग्राम आवश्यक खाद्यान्न उपलब्ध करवाए गए। बैठक में सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सोलन नीरज सूद, रामेश्वर ठाकुर, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के सहायक प्रबंधक राजीव शर्मा, दीपक राज, योगेश कुमार आदि उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App