लगता है अब पूरा होगा यमुना पथ प्रोजेक्ट!

By: Feb 3rd, 2017 12:05 am

पांवटा साहिब —  पांवटा साहिब की महत्त्वाकांक्षी परियोजना यमुना पथ के निर्माण को लेकर पांवटा प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर ली है। गुरुवार को पांवटा साहिब के एसडीएम एचएस राणा ने यमुना किनारे बनने वाली इस योजना के स्पॉट का मुआयना किया और पथ बनाने की संभावना को परखा। इस दौरान उनके साथ नगर परिषद के सफाई पर्यवेक्षक प्रदीप दीक्षित भी मौजूद रहे। एसडीएम ने जगह का मुआयना किया और जगह की मजबूती के बारे में भी विशेषज्ञों से बातचीत की। एसडीएम के इस प्रकार योजना के स्पॉट का मुआयना करने से लोगों को उम्मीद जग रही है कि अब इस योजना का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। गौर हो कि यह पथ यमुना पुल से लेकर गुरुद्वारा के नीचे बने स्नानघाट तक बनेगा। इसमें 82 लाख रुपए खर्च होंगे, जिससे भव्य पथ और यमुना नदी की और फेंसिंग का कार्य होगा। इसमें बीच-बीच में बैठने के लिए भी सुंदर जगह विकसित की जाएंगी, ताकि लोग यहां आकर यमुना नदी का भव्य नजारा ले सके। उल्लेखनीय है कि बीते जनवरी माह में पांवटा साहिब के विधायक चौधरी किरनेश जंग ने इस पथ की आधारशिला रखी है। इसके निर्माण के बाद पांवटा के लोगों को सुबह-शाम सैर सपाटे के लिए यमुना किनारे-किनारे पक्का रास्ता बनाया जाएगा, क्योंकि इस समय शहर में भारी ट्रैफिक होने से यहां के लोगों को शांत जगह की तलाश थी, जहां लोग भ्रमण के लिए जा सकें। खासकर बुजुर्गों के लिए सड़क के किनारे घूमना खतरे से खाली नहीं हैं। ज्यादातर मामलों में सुबह-शाम सैर करने वाले बुजुर्गों के साथ ऐसे हादसे पेश आए हैं। अब यमुना पथ सुरक्षित पथ बन जाएगा। जहां पर केवल लोग सैर सपाटा कर सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App