लाड़ले को नम आंखों से विदाई

By: Feb 12th, 2017 12:15 am

किहार सेक्टर में सहकर्मी को बचाते शहीद हुए नवीन

newsपालमपुर— सहकर्मी को बचाते जान की बाजी लगाने वाले पालमपुर उपमंडल के गांव भगोटला के नवीन कुमार को नम आंखों से विदाई दी गई। जेएंडके की सीमा से सटे किहार सेक्टर में तैनात आईआरबी के 24 वर्षीय जवान नवीन कुमार की पार्थिव देह शनिवार सुबह करीब पांच बजे उसके गांव पहुंची। गांव के पास ही स्थित श्मशनघाट में सुबह करीब दस बजे पूरे सम्मान के साथ नवीन का अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर पालमपुर प्रशासन के अधिकारियों के साथ कंपनी की ओर से भी अधिकारी पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार जवान शुक्रवार सुबह पैट्रोलिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान एक जवान का पांव फिसल गया और वह खाई में लुढ़क गया। उसे बचाने के प्रयास में आरक्षी नवीन कुमार ने छलांग लगा दी, लेकिन वह काफी नीचे जा गिरा और उसकी जान चली गई। नवीन कुमार के अंतिम संस्कार पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस एसटी विभाग के उपाध्यक्ष बेनी प्रसाद भरमौरिया ने कहा कि नवीन ने साहस का परिचय देते हुए ड्यूटी के दौरान अपने साथी को बचाते हुए जान दी है। बेनी प्रसाद ने नवीन कुमार को शहीद का दर्जा दिए जाने, सरकारी स्कूल का नामकरण नवीन के नाम पर किए जाने और उसके भाई को नौकरी दिए जाने की मांग की है। बेनी प्रसाद ने कहा कि वह इस संदर्भ में मुख्यमंत्री के समक्ष भी पक्ष रखेंगे।

छोटी उम्र में पिता का निधन

नवीन कुमार की उम्र अभी केवल 24 साल थी और करीब तीन साल पूर्व ही उसने नौकरी ज्वाइन की थी। जानकारी के अनुसार नवीन कुमार के पिता की मौत 45 साल की उम्र में ही हो गई थी । जब नवीन अपनी स्कूल की पढ़ाई पूरी कर रहा था। नवीन कुमार की अभी शादी नहीं हुई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App