विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा

By: Feb 13th, 2017 12:05 am

1.59 अरब बढ़कर दो महीने के उच्चतम स्तर 363.15 अरब डालर पर

newsमुबई – देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार चौथे सप्ताह बढ़ता हुआ तीन फरवरी को समाप्त सप्ताह में 1.59 अरब डालर बढ़कर दो महीने के उच्चतम स्तर 363.15 अरब डालर पर पहुंच गया। इससे पहले 27 जनवरी को समाप्त सप्ताह में यह 78.27 करोड़ डालर बढ़कर 361.56 अरब डालर पर रहा था। रिजर्व बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 91.47 करोड़ डॉलर बढ़कर 340.13 अरब डॉलर पर पहुंच गया। स्वर्ण भंडार भी 66.43 करोड़ डालर बढ़कर 19.25 अरब डालर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 60 लाख डालर बढ़कर 2.32 अरब डालर पर तथा विशेष आहरण अधिकार 38 लाख डालर बढ़कर 1.45 अरब डालर पर पहुंच गया।

अप्रत्यक्ष कर नए सिरे से तय कर सकती है सरकार

नई दिल्ली – वस्तु एवं सेवाकर के एक जुलाई से अमल में आने के बाद संभवतः सरकार अप्रत्यक्ष करों से अपनी प्राप्ति के अनुमान पर नए सिरे से काम कर सकती है। एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने इस बारे में संकेत दिया है।  वर्ष 2017-18 के बजट में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अप्रत्यक्ष कर प्राप्ति के जो अनुमान लगाए हैं वह परंपरागत गणना के अनुरूप ही हैं। वर्ष 2017-18 विभिन्न मानकों के लिहाज से एक अलग तरह का वर्ष हो सकता है। वर्ष के बीच में जीएसटी लागू हो सकता है। जीएसटी में सभी तरह के अप्रत्यक्ष करों जैसे कि उत्पाद एवं सेवाकर और राज्यों में लगने वाले वैट को समाहित किया जाएगा। जीएसटी के तहत जो भी संग्रह होगा उसे केंद्र और राज्य के बीच बराबर बराबर बांटा जाएगा। राज्यों के सकल वैट संग्रह के बारे में हालांकि, पहले से कोई अनुमान उपलब्ध नहीं हैं इसलिए 2017-18 के लिए जीएसटी से मिलने वाले राजस्व का अनुमान पहले से लगाना कठिन था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App