शिमला का न्यूनतम तापमान पहुंचा दो डिग्री

By: Feb 10th, 2017 12:10 am

NEWSशिमला — जिला शिमला में गुरुवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप रहा। खासतौर पर सुबह व शाम के समय ठिठुरहन ज्यादा रही। एकाएक तापमान लुढ़कने के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का गुजरना कारण बताया जा रहा है। जिला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री रिकार्ड किया गया, जिसमें बुधवार के मुकाबले पांच डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। बीते बुधवार को जिला में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री रिकार्ड किया गया था। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से गुरुवार सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ी। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से ठंड का प्रकोप कुछ कम दिखा, मगर शाम के समय बादलों के घिरने से ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार तापमान में आई गिरावट के पीछे पश्चिमी विक्षोभ के गुजरना है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 15 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान धूप खिलने से तापमान में उछाल आने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। जिला शिमला में वर्ष 2013 के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया था। वर्ष 2013 में जिला शिमला में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में दर्ज किया गया था। वर्ष 2013 के बाद गुरुवार को पारा फरवरी माह में सबसे कम आंका जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App