हरियाणा को 1000 नई व्यायामशालाएं

By: Feb 20th, 2017 12:02 am

फरीदाबाद में गुरुकुल इंद्रप्रस्थ के शताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री ने की घोषणा

चंडीगढ़  —  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य में संस्कृत भाषा को प्रोत्साहन देने के लिए कैथल जिला के मुंदड़ी में संस्कृत विश्वविद्यालय तथा पंचकूला के माता मंसा देवी कांप्लेक्स में सरकार से मान्यता प्राप्त संस्कृत गुरुकुल महाविद्यालय खोला जाएगा। साथ ही राज्य में 1000 नई व्यायामशालाएं खोलने व योगा प्रशिक्षक नियुक्त करने की बात कही। उन्होंने रविवार को  फरीदाबाद में गुरुकुल इंद्रप्रस्थ के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आयोजकों की मांग पर शास्त्री, आचार्य तथा शिक्षा शास्त्री की उपाधियों को क्रमशः बीए, एम, तथा बीएड के समकक्ष मान्यता देने के विषय का अध्ययन कराने का भरोसा भी दिया।  मनोहर लाल ने कहा कि हमारी गुरुकुल शिक्षा प्रणाली बहु उद्देशीय गतिविधियों का केंद्र रही है। गुरुकुल में शिक्षा, शारीरिक विकास, योग, संस्कार, हवन-यज्ञ आदि का ज्ञान सब एक स्थान पर दिए जाते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नारी शिक्षा के क्षेत्र में आर्य समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आर्य समाज की ओर से संचालित गुरुकुलों में आज भी उच्च मूल्यों पर आधारित शिक्षा व संस्कार के लिए निःस्वार्थ भाव से त्यागपूर्ण कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुकुलों के विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से हर प्रकार की मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से बेटी बचाओ-बेटी बचाओ का आह्वान किया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि आर्य समाज ने उत्तर भारत में नारी शिक्षा का सूत्रपात किया है। इंद्रप्रस्थ गुरुकुल की स्थापना स्वामी श्रद्धानंद ने की थी। आजादी की लड़ाई में उस निर्भीक सन्यासी ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। जलियांवाला बाग कांड, रोलेट एक्ट के विरोध का नेतृत्व किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने संयुक्त रूप से इंद्रप्रस्थ गुरुकुल के इतिहास पर लिखी गई पुस्तिका, आर्य प्रतिनिधि सभा की पाक्षिक आर्य पत्रिका के नए प्रकाशन तथा नई दिल्ली के आर्य वीर दल की मासिक पत्रिका युवा निर्माण का विमोचन किया। गुरुकुल इंद्रप्रस्थ के शताब्दी समारोह की आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री व राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इससे पहले गुरुकुल इंद्रप्रस्थ में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जलघर का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री मनोहर ने अपने एच्छिक कोष से गुरुकुल इंद्रप्रस्थ को 21 लाख रुपए तथा चंदन देवी गुरुकुल, पिल्लूखेड़ा, जींद को पांच लाख रुपए देने की घोषणा भी की। वहीं एमडीएच समूह के महाशय धर्मपाल ने भी इंद्रप्रस्थ गुरुकुल को 11 लाख रुपए की सहायता प्रदान की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App