अवैध खनन पर गाड़ी के मालिक पर होगा केस

By: Mar 9th, 2017 12:05 am

धर्मशाला —  पंजाब के साथ लगते चक्की में होने वाले अवैध खनन को रोकने के लिए अब जिला पुलिस खनन करने वाले वाहन मालिकों पर मामला दर्ज करेगी। कांगड़ा  पुलिस न्यूगल क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए इस प्रक्रिया को प्रयोग कर चुकी है। इसके सार्थक परिणाम सामने आने के बाद अब जिला की सीमावर्ती चक्की क्षेत्र में भी इसी प्रक्रिया के तहत अवैध खनन करने में जुटे आरोपियों पर कार्रवाई अमल में लाएगी। इसके लिए संबंधित पुलिस थाना की टीम क्षेत्र में ऐसे मामलों पर अंकुश लगाएगी। जानकारी के अनुसार अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए कांगड़ा पुलिस द्वारा विशेष मुहिम आरंभ की गई है। पुलिस द्वारा पूर्व में भी अवैध खननकारियों पर लगाम लगाने के लिए वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज करती थी, लेकिन अब पुलिस अवैध खनन में लगे वाहनों के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है। इस विशेष योजना के तहत न्यूगल क्षेत्र में भी कांगड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन करने के आरोप में जब्त किए गए वाहनों के मालिकों के खिलाफ ही मामला दर्ज किया था, जिसके बाद पुलिस को इस क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने में सफलता मिली थी।

सीमा निर्धारित पर और तेज होगी कार्रवाई

विशेष योजना के तहत अब चक्की क्षेत्र में भी पुलिस अवैध खननकारियों के खिलाफ कार्रवाई को अमल में लाएगी। इससे पहले पुलिस द्वारा समय-समय पर इस क्षेत्र में अवैध खनन करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाती है, लेकिन इस क्षेत्र में सीमा के निर्धारण के चलते आरोपी कार्रवाई से बच भी जाते हैं। अब कांगड़ा पुलिस द्वारा पड़ोसी राज्य के पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को सीमा निर्धारण के लिए लिखा है। सीमा निर्धारण के बाद आरोपियों पर कार्रवाई और तेज हो जाएगी।

फार्म न होने पर वसूला जाएगा जुर्माना

इसके अलावा इस क्षेत्र से अवैध खनन कर ले जाने वाली निर्माण सामग्री वाले वाहनों के रूट पर भी पुलिस द्वारा नजर रखी जा रही है। रेत-बजरी ले जाने वाले वाहनों के पास सबंधित फार्म न होने पर जुर्माना वसूल किया जाएगा। उधर, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि पंजाब के साथ लगते चक्की क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस क्षेत्र में अवैध खनन करते पकड़े गए वाहनों के मालिकों पर अब मामला दर्ज किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App