आधी आबादी को दिलाई पूरी आजादी

By: Mar 8th, 2017 12:07 am

newsधर्मशाला – हिमाचल की नारी शक्ति ने प्रदेश सहित देश भर में अपनी प्रतिभा, समाज सेवा और अपनी शक्ति के बलबूते नाम कमाया है। ‘दिव्य हिमाचल’ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विश्व भर में अपनी चमक दिखाने वाली नारी शक्ति को स्पेशल सलाम किया है।  नगर निगम धर्मशाला की प्रथम महापौर का पद खनियारा की निवासी कुमारी रजनी व्यास ने संभाल कर इतिहास रचा है। खनियारा पंचायत प्रधान रहने के बाद वर्षों जागोरी ग्रामीण संस्था में जुड़कर समाज की सेवा की। आज के समय में प्रदेश के दूसरे नगर निगम और स्मार्ट सिटी धर्मशाला की प्रथम नागरिक के तौर पर क्षेत्र की जनता की सेवा किए जाने का कार्य कर रही हैं।  चिन्मय ग्रामीण विकास संगठन कार्ड सिद्धबाड़ी की राष्ट्रीय निदेशिका पद्मश्री डा. क्षमा मैत्रेय ने पहाड़ी राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगों के उत्थान सहित समाज को जागरूक किए जाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए हैं। दयांनद मॉडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मशाला की प्रिंसीपल मीनाक्षी गौतम शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को शिक्षित करने का कार्य कर रही है। धर्मशाला की युवा प्रतिभा आयुषी सेठी ने ‘मिस हिमाचल-2017’ के ग्रैंड फिनाले में सेकेंड रनरअप का खिताब अपने नाम किया है। आयुषि सेठी पीजी कालेज धर्मशाला में एबीए विभाग में शिक्षा प्राप्त कर रही है। रेखा शर्मा अपने संगीतमय इतिहास के लिए प्रदेश भर में जानी जाती है। गर्ल्ज स्कूल धर्मशाला में पिछले 19 वर्षों से बतौर संगीत प्राध्यापक सेवाएं देकर जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीत का इतिहास अपने नाम किया है।

पेट्रोल भरेंगी बेटियां…दौड़ेगा समाज

newsकांगड़ा – पालमपुर से ताल्लुक रखने वाली मधु और कांगड़ा की सुनीता ने शहर के पेट्रोल पंप में नौकरी कर यह साबित कर दिया है कि अगर मौका मिले, तो बेटियां किसी से कम नहीं हैं। मधु और सुनीता दोनों कांगड़ा के पेट्रोल पंप में पेट्रोल डालने का कार्य कर रही हैं। धौलाधार स्टेशन की प्रबंध निदेशक स्वयं भी महिला हैं और वे महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत रहती हैं। जिला कांगड़ा की दो बेटियों को नौकरी की तलाश थी तो ‘महिला दिवस’ की पूर्व संध्या पर धौलाधार सर्विस स्टेशन की प्रबंध निदेशक निर्मल सेठी ने मधु और सुनीता को नौकरी देकर उनका हौसला बढ़ाया है। हिमाचल में कांगड़ा पहला  ऐसा पेट्रोल पंप है, जहां बेटियों ने इस काम को स्वीकार कर हिम्मत जुटाई है। सुनीता और मधु कहती हैं कि काम कोई भी छोटा और बड़ा नहीं होता, काम करने का जज्बा होना चाहिए।  पेट्रोल पंप की  मालिक भी स्वयं महिला हैं और वह साल 1983 से यहां पेट्रोल पंप चला रही हैं।  निर्मल सेठी ने बताया कि उन्होंने साउथ में  लड़कियों को पेट्रोल पंप में पेट्रोल डालते हुए देखा तो उन्होंने यहां भी लड़कियों को प्रोत्साहित करने के लिए कोशिश की है। अब इंडियन आयल के अधिकारी इन बेटियों के साथ-साथ निर्मल सेठी को भी सम्मानित करने जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App