आस्ट्रिया में भिड़ेंगे हिमाचल के 18 दिव्यांग

By: Mar 5th, 2017 12:04 am

14 मार्च से शुरू होगी वर्ल्ड विंटर गेम्स, चेतना संस्था बिलासपुर से छह खिलाड़ी रवाना 

newsबिलासपुर, शिमला— आस्ट्रिया में 14 मार्च से शुरू होने जा रही वर्ल्ड विंटर गेम्स में चेतना संस्था बिलासपुर के दिव्यांग अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन करेंगे। गेम्स में भाग लेने के लिए शनिवार को दिव्यांग खिलाड़ी दिल्ली रवाना हो गए हैं। भारत देश के 126 खिलाड़ी चयनित हुए हैं। भारतीय दल में हिमाचल के 18 खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनमें से छह खिलाड़ी चेतना संस्था बिलासपुर के हैं। संस्था में आयोजित समारोह में ब्रिगेडियर जगदीश वर्मा ने खिलाडि़यों को शुभकामनाएं देकर रवाना किया। ये खिलाड़ी स्पेशल ओलंपिक भारत के बैनर तले आस्ट्रिया में 14 से 25 मार्च तक होने वाली वर्ल्ड विंटर गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दिव्यांग खिलाडि़यों के लिए वर्ल्ड विंटर गेम्स का आयोजन इस बार आस्ट्रिया में किया जा रहा है। प्रदेश के दिव्यांग खिलाडि़यों में दीपक, शिवांजलि, नजमा, पूजा, जसविंद, उषा, राजेश, ज्योति, ठाकुर दास, कुनाल सूद, शिखा रानी, संजय कुमार, कंचन, महेश, मेघा, इंदु, संजय व गीता शामिल हैं। रंजना बतौर कोच इन खिलाडि़यों के साथ गई हैं। वहीं चेतना संस्था के प्रशासक अमर सिंह काशव व कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि दिल्ली में भारतीय दल के साथ कोचिंग कैंप में भाग लेने के बाद सभी खिलाड़ी आस्ट्रिया रवाना होंगे। चेतना संस्था की संस्थापक एवं स्पेशल ओलंपिक भारत की उपाध्यक्ष डा. मल्लिका नड्डा भी उनके साथ जाएंगी। इस प्रतियोगिता में विश्व के 110 देशों के लगभग 3000 खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।

इन स्पर्धाओं में होगा मुकाबला

खिलाड़ी फिगर स्केटिंग, स्पीड स्केटिंग, फ्लोर हाकी, फ्लोरबाल, एल्पाइन स्कीईंग, स्नो बोर्डिंग व स्टिक शूटिंग आदि स्पर्धाआें में भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App