ऊना में गरजे बैंक कर्मी

By: Mar 1st, 2017 12:07 am

newsऊना – यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को जिला के सभी बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहे। एकदिवसीय हड़ताल के चलते ऊना में करीब 50 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ। वहीं उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रुपए निकालने के लिए लोग एटीएम का रुख करते दिखे। बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की ऊना शाखा में जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी कर अपना रोष व्यक्त किया। बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने भारत सरकार हाय-हाय-हाय-हाय, हड़ताल का जिम्मेदार भारत सरकार, नारे लगाकर सरकार के खिलाफ अपना गुबार निकाला। एक दिन की हड़ताल के चलते जिला में स्थापित राष्ट्रीयकृत 27 बैंकों की करीब 130 बैंक शाखाएं बंद रहीं। ऊना शहर में ही विभिन्न बैंकों की करीब 33 शाखाएं बंद रहीं। कई ग्रामीण क्षेत्रों से उपभोक्ता बैंक के काम से ही शहर आए थे, जिन्हें हड़ताल के चलते बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। सैकड़ों उपभोक्ताओं को बैंक बंद होने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई विद्यार्थी डिमांड ड्राफ्ट बनाने से रह गए, जिसके चलते परीक्षार्थी परीक्षाओं के लिए अप्लाई नहीं कर पाए। यूनियन के जिला संयोजक उमेश ठाकुर ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का फैसला यूनियन द्वारा लिया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार के जनविरोधी बैंक सुधारों के खिलाफ व नोटबंदी की घोषणाओं के बाद बैंक कर्मियों द्वारा किए गए अतिरिक्त कार्य के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। रोष प्रदर्शन में मुकेश दुरेजा, राज कुमार, बीडी शर्मा, पंकज, सौरभ, वीरेंद्र, प्रकाश ठाकुर व रविंद्र सहित अन्य उपस्थित थे।

ये हैं मांगें

नोटबंदी के दौरान किए गए अतिरिक्त कार्य का मुआवजा दिया जाए। रिटायर्ड कर्मचारियों के लंबित पड़े मुद्दे हल हों। ऋण की रिकवरी संबंधी मुद्दे। नवंबर, 2017 से होने वाले वेतन संशोधन में जल्दी से बातचीत शुरू की जाए आदि प्रमुख मांगें हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App