एक नजर

By: Mar 2nd, 2017 12:01 am

अफगान में तालिबानी हमला, तीन की मौत

काबुल — अफगान की राजधानी काबुल में विभिन्न स्थानों पर तालिबान हमलों में दो हमलावरों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि काबुल के बाहरी छोर पर स्थित खुफिया एजेंसी के कार्यालय में तालिबान आतंकियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा पुलिस विभाग के कार्यालय में किए गए हमले में कम से कम 35 लोग घायल हुए हैं। इस बीच, तालिबान ने अफगान में विभिन्न स्थानों पर हमलों की जिम्मेदारी ली है। तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा कि राजधानी काबुल में खुफिया सेवा केंद्र, पुलिस की इमारत और सेना के भर्ती केंद्र को लक्ष्य कर हमला किया गया है।

दिग्विजय के खिलाफ  मामला दर्ज

हैदराबाद — अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव दिग्विजय सिंह के खिलाफ  मुस्लिम मदरसों के बारे में टिप्पणी को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मजलिस बचाओ तहरीक के प्रवक्ता अमजद उल्ला खान ने की शिकायत के आधार पर दबीरपुरा पुलिस ने श्री सिंह के खिलाफ कस दर्ज किया। शिकायत में कहा गया कि श्री सिंह के ट्वीट से समूचे विश्व भर के मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।

हिरण शिकार प्रकरण में सुनवाई टली

जोधपुर — राजस्थान में फिल्म स्टारों द्वारा बहुचर्चित हिरण शिकार प्रकरण में बुधवार को न्यायाधीश के अवकाश पर रहने के कारण सुनवाई छह मार्च तक टल गई है। इस मामले में हिरणों का पोस्टमार्टम करने वाले पशु चिकित्सक नेपालिया के खिलाफ पद का दुरुपयोग कर गलत पोस्टमार्टम करने का आरोप पत्र न्यायालय में तलब करने के लिए लोक अभियोजक की ओर से एक प्रार्थना पत्र पेश किया गया है। इस पर बचाव पक्ष की ओर से जवाब एवं बहस अगली पेशी छह मार्च को होगी।

नहीं रहे पद्मश्री गुजराती लेखक तारक मेहता

नई दिल्ली — लोकप्रिय गुजराती नाटककार तारक मेहता का लंबी बीमारी के बाद बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। मेहता के परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की। साथ ही अंगदान के संकेत भी दिए। बता दें कि तारक मेहता का उनके गुजराती मैग्जीन में छपने वाले प्रसिद्ध कॉलम दुनिया ने औंधों चश्मा के लिए जाना जाता था। उनके इसी कॉलम और उनकी किताब पर प्रसिद्ध टीवी सीरियल ‘ताकर मेहता का उल्टा चश्मा बनाया गया है। उन्होंने छह लोकप्रिय गुजराती नाटक भी लिखे। 26 दिसंबर, 1929 को जन्मे तारक मेहता को वर्ष 2015 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। तारक मेहता गुजराती रंगमंच का एक बड़ा नाम थे। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

बोलिविया में सड़क हादसे, 33 की मौत

वाशिंगटन — दक्षिण अमरीकी देश बोलिविया में सड़क दुर्घटनाओं में 33 लोगों की मौत हो गई है। बोलिविया के उप परिवहन पुलिस प्रमुख इरिक पानियागुआ ने कहा कि 24 से 27 फरवरी तक चले कार्निवाल के दौरान सड़क दुर्घटना में 24 लोगों की मौत हो गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि मंगलवार को पहली घटना में एक मिनी बस पलट गई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। इसमें छह पुरुष,ए नौ महिलाएं तथा दो बच्चे शामिल हैं। एक अन्य घटना में लिकोमा के पास क्लिफ में एक बस पलटने से सात लोगों की मौत हो गई तथा दस अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा शुक्रवार और रविवार के बीच हुए सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App