एक साल में इनसानों जितना मांस खा जाती हैं मकडि़यां

By: Mar 22nd, 2017 12:05 am

NEWSछोटी सी दिखने वाली दुनियाभर की मकडि़यां एक साल में करीब-करीब 40 से 80 करोड़ टन कीड़े-मकोड़े खा जाती हैं। यह मात्रा सालभर में इनसानों के द्वारा खाए जाने वाले मांस-मछलियों के लगभग बराबर है। एक ताजा अध्ययन की मानें तो एक साल में मकडि़यां, जितने कीड़े-मकोड़े खाती हैं, इतने ही समय में इनसान भी लगभग उतना ही मांस-मछलियां खाता है। अपने तरह के इस पहले विश्लेषण में शोधकर्ताओं ने 65 अन्य अध्ययनों से जुटाए गए डाटा का भी इस्तेमाल किया। इस रिपोर्ट के अनुसार, धरती पर लगभग 2.5 करोड़ टन वजन के बराबर मकडि़यां मौजूद हैं, जो एक साल में तकरीबन 40-80 करोड़ टन कीड़े-मकोड़े खा जाती हैं। इस अध्ययन से यह भी पता चलता है कि बीमारी फैलाने वाले कीड़े-मकोड़ों को इनसानों से दूर रखने में मकडि़यों की अहम भूमिका होती हैं, खासकर जंगलों और घास वाले इलाकों में। इनसानी जीवन में मकडि़यों का इतना अधिक योगदान है, यह जानकर मकडि़यों को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। दुनियाभर के इनसान लगभग हर साल 40 करोड़ टन मांस-मछलियों का सेवन करते हैं, जबकि व्हेल को एक साल में 28 से 50 करोड़ टन भोजन की जरूरत होती है। वहीं इतने ही समय में सी-बर्ड्स सात करोड़ टन सी-फूड्स खाती हैं।  मकडि़यां अच्छी शिकारी होती हैं। ये आर्कटिक से लेकर गुफाओं, रेगिस्तान, समंदर के तटों, बालू के टीलों व मैदानों तक हर जगह पाई जाती हैं। वे अन्य जीवों का भोजन भी बनती हैं। परभक्षियों, परजीवियों व पक्षियों की ऐसी आठ हजार से ज्यादा प्रजातियां सिर्फ मकडि़यां खाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App