कांगड़ा मंदिर में पंजीकरण पर रोक

By: Mar 28th, 2017 12:01 am

भक्तों की मांग पर मुख्यमंत्री के जिला प्रशासन को निर्देश

कांगड़ा – हिमाचल सरकार ने कांगड़ा मंदिर में पंजीकरण प्रणाली को तुरंत प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। कांगड़ा क्षेत्र के विधायक पवन काजल ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जिला प्रशासन को आदेश दिए हैं कि पंजीकरण व्यवस्था को बंद कर दिया जाए। माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर में प्रवेश के लिए पंजीकरण करवाने की प्रक्रिया हाल ही में शुरू की गई थी, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन को बुद्धिजीवी वर्ग, पुजारियों व आम लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता था। इस सिलसिले में पुजारियों, ट्रस्ट के सदस्यों व आम लोगों का प्रतिनिधिमंडल विधायक पवन काजल से मिला था। विधायक पवन काजल ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष उठाया तो उन्होंने पंजीकरण व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए हैं। विधायक पवन काजल ने बताया मंदिर दर्शन के लिए पुरानी व्यवस्था कायम रहेगी। कांगड़ा के लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। मकर संक्रांति पर्व पर भी सहायक आयुक्त मंदिर ने जागरण पर प्रतिबंध लगाया था तो मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना पड़ा था और यहां जागरण हो पाया। लोगों ने सहायक आयुक्त मंदिर को हटाने की मांग सरकार से की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App