कांगो के एंबेसेडर ने किया एपी गोयल विश्वविद्यालय का दौरा

By: Mar 19th, 2017 12:07 am

newsशिमला – कांगो देश की एंबेसेडर रोसेट न्यामले मोसी और प्रथम सचिव मुसेंगा का आगमन एपी गोयल शिमला विश्वविद्यालय परिसर में हुआ। कांगो देश से आए अतिथि स्वरूप एंबेसेडर का स्वागत विश्वविद्यालय के प्रवर कुलाधिपति डा. अश्वनी कुमार और एडमिशन एवं मार्केटिंग हैड डा. अजीत नेदुंगड़ी ने फूलों का गुलदस्ता देकर किया। कांगो एंबेसेडर विश्वविद्यालय परिसर में भ्रमण करते हुए काफी खुश हुई और प्रकृति की गोद में बसे विश्वविद्यालय की प्रशंसा की। डा. अजीत ने अतिथि को विश्वविद्यालय का परिचय देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय अपने आप में एक वैश्विक परिवेश प्रदर्शित करता है, जहां विश्व के 20 देशों और भारत के 24 राज्यों के संस्कृति की ज्वलंत झलक दिखाता है। ऐसी गूढ़ संस्कृतियों से ओत-प्रोत विश्वविद्यालय छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास में काफी मददगार होता है। शिमला जहां भारतीय पर्यटकों के लिए आकर्षक का केंद्र रहा है, वहीं पूरे हिमाचल प्रदेश में अकेला पहला विश्वविद्यालय है,जहां सबसे ज्यादा विदेशी छात्रों की संख्या है। उन्होंने बताया कि एपी गोयल विश्वविद्यालय में कुल 20 देशों में बांग्लादेश से सर्वाधिक छात्रों की संख्या है। इसमें बांग्लादेश से 164, भूटान से 109, नेपाल से 73, अफगानिस्तान से 37, कांगो से 30, मालावी से 17, जांबिया से 20, युगांडा, तंजानिया, सुडान, दक्षिण सुडान, नाइजीरिया, युथोपिया, केन्या, मालदीव, लिब्या, लाओस व श्रीलंका आदि देशों से कुल 491 छात्र शिमला विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं। डा. अजीत ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय में करीब 700 विदेशी छात्रों का लक्ष्य रखा गया है, जिसे पूरा करने में विश्वविद्यालय की टीम कड़ी मेहनत कर रही है। राजन सहगल, रजिस्ट्रार शिमला विश्वविद्यालय ने कांगो की एंबेसेडर रोसेट न्यामले मोसी और प्रथम सचिव मुसेंगा का स्वागत व उनके आगमन पर धन्यवाद दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App