कुनिहार को मिली 108 एंबुलेंस

By: Mar 16th, 2017 12:05 am

सोलन— कुनिहार के नागरिक चिकित्सालय को आखिरकार 108 एंबुलेंस सेवा मिल ही गई। ‘दिव्य हिमाचल’ ने बीते सात फरवरी को इस आशय का समाचार प्रकाशित किया था। बीते माह जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में एक सदस्य ने  इस मांग को मंत्री डा. धनीराम शांडिल व जिला प्रशासन के समक्ष रखा था, जिस पर उपायुक्त सोलन ने मुहर लगा दी। कुनिहार नागरिक चिकित्सालय में आसपास की करीब 15 ग्राम पंचायतों के लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं। मंत्री डा. धनीराम शांडिल के गृह क्षेत्र ममलीग, बशील, शारडाघाट, सैरीघाट इत्यादि इलाके की जनता को भी आपातकालीन परिस्थितियों में कुनिहार सिविल अस्पताल ही आना पड़ता है। इस अस्पताल में एंबुलेंस सेवा न होने के कारण रैफरल मरीजों व घायलों की जान पर खतरा बना रहता था। जिला शिकायत निवारण समिति में उठे इस मुद्दे पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई  करते हुए अर्की से एक 108 एंबुलेंस को कुनिहार में स्थानांतरण करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रवासियों में इस आदेश के बाद खुशी की लहर है। कोठी ग्राम पंचायत के प्रधान प्रेम चंद, हाटकोट ग्राम पंचायत की प्रधान सुनीता ठाकुर, पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगदीश सिंह, सेवानिवृत्त पीईटी रूप राम शर्मा, बशील गांव के गोपाल ठाकुर, भरोल के एमआर पाठक ने इसके लिए सरकार का आभार व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App